Alwar: पानी की समस्या को लेकर जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचीं महिलाएं

अलवर: खाटू श्याम मंदिर से अखैपुरा तक की स्थानीय महिलाएं आज पानी की समस्या को लेकर मनु मार्ग स्थित जलदाय विभाग कार्यालय पहुंची। उन्होंने पिछले एक महीने से क्षेत्र में चल रही पानी की कमी के खिलाफ प्रदर्शन किया और कार्यकारी अभियंता कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
महिलाओं का कहना है कि खाटू श्याम मंदिर तक तो जलापूर्ति सुचारू है, लेकिन उससे आगे अखैपुरा क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत है। दो दिन पहले भी स्थानीय महिलाएं व पुरुष जलदाय विभाग के कार्यालय पहुंचे थे, जहां अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही क्षेत्र में बोरिंग करा दी जाएगी। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर महिलाएं मिनी सचिवालय व जिला कलेक्टर कार्यालय भी पहुंचीं और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी।
अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने एक बार फिर जल्द बोरिंग करवाने का आश्वासन दिया और जलदाय विभाग कार्यालय जाने को कहा, लेकिन कार्यालय पहुंचने के बाद भी कोई अधिकारी नहीं मिला। नाराज महिलाओं ने साफ कहा कि जब तक उनके क्षेत्र में बोरिंग का काम शुरू नहीं हो जाता, वे धरना पर बैठी रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि 21 मार्च को भी महिलाएं जलदाय विभाग कार्यालय गई थीं और पानी की मांग को जोरदार तरीके से उठाया था। उस समय भी इंजीनियरों ने जल्द बोरिंग कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन वादे के बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
महिलाओं का कहना है कि बार-बार आश्वासन के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है, जिससे वे काफी निराश हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक कोई अधिकारी आकर कोई ठोस वादा नहीं करता, तब तक वह कार्यालय के बाहर धरने पर बैठी रहेंगी।





