राजस्थान

Alwar: चातुर्मास मंगल प्रवेश कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और वन मंत्री ने की शिरकत

Admindelhi1
20 July 2026 10:19 AM IST
Alwar: चातुर्मास मंगल प्रवेश कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और वन मंत्री ने की शिरकत
x
अलवर में चातुर्मास कार्यक्रम, भूपेंद्र यादव और संजय शर्मा रहे मौजूद

अलवर: केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव तथा राजस्थान सरकार के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने रविवार को अलवर स्थित जैन मंदिर में आयोजित पावन चातुर्मास मंगल प्रवेश कार्यक्रम में शिरकत कर उन्होंने ने परम पूज्य जैन मुनि सौम्य सागर जी महाराज ससंघ के दर्शन कर उनको श्रीफल भेंट किया तथा प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धर्मसभा में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ आध्यात्मिक वातावरण का लाभ लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि चातुर्मास का पावन पर्व भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है। यह आत्मचिंतन, संयम, साधना, आत्मशुद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि जैन संतों का तप, त्याग और अनुशासित जीवन समाज को सत्य, अहिंसा, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर हम एक संवेदनशील, संस्कारित और समरस समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

वन मंत्री ने कहा कि संतों का सान्निध्य मानव जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। चातुर्मास के दौरान होने वाले धार्मिक प्रवचन, साधना एवं सेवा के विविध कार्यक्रम समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं तथा लोगों को सदाचार, आत्मानुशासन और परस्पर सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।

इस दौरान अरूण जैन, पं. जलेसिंह, लक्ष्मीणनारायण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाज के गणमान्य नागरिक एवं जैन समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story