राजस्थान

Alwar: अलवर में चिकित्सा सेवाओं का जायजा लेने पहुंचे चिकित्सा मंत्री खींवसर

Admindelhi1
26 Jun 2026 12:37 PM IST
Alwar: अलवर में चिकित्सा सेवाओं का जायजा लेने पहुंचे चिकित्सा मंत्री खींवसर
x
चिकित्सा मंत्री ने अधिकारियों को सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए

अलवर: चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने गुरुवार को अलवर में सामान्य, जनाना एवं शिशु चिकित्सालय तथा गोविन्दगढ उपखण्ड में बदौड़ामेव सीएचसी व रामगढ उपखण्ड में बगडमेव पीएचसी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर उपचार व सुविधाएं प्रदान करने के दिशा-निर्देश दिए।

खींवसर ने चिकित्सा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लेकर संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ उपलब्ध संसाधनों का कुशलतम उपयोग करते हुए जिले की चिकित्सा व्यवस्था को दुरूस्त रखने के निर्देश दिये। उन्होंने सामान्य चिकित्सालय में रामाश्रय व सामान्य वार्ड, क्रिटिकल केयर यूनिट, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर तथा जनाना व शिशु चिकित्सालय में मदर मिल्क बैंक, लेबर रूम, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, ऑपरेशन थियेटर इत्यादि का औचक निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने इस दौरान भर्ती मरीजों से संवाद कर चिकित्सा व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने जनाना अस्पताल में मदर मिल्क बैंक के निरीक्षण के दौरान मिल्क स्टोरेज व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

इससे पहले चिकित्सा मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बडौदामेव एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बगडमेव का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बदौड़ामेव सीएचसी में 4 में से 2 कार्मिक अवकाश पर होना तथा इसी प्रकार बगडमेव पीएचसी में नर्सिंग स्टाफ अवकाश पर होने के बारे में बताये जाने पर उन्होंने संबंधित चिकित्सक व स्टाफ के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

चिकित्सा मंत्री ने बैठक लेकर चिकित्सा अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की, जिसमें ओपीडी की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता, डिलिवरी एवं मोर्टिलिटी, एम्बुलेंस एवं उपकरण व्यवस्था, सीएचसी भवनों की स्थिति तथा चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टॉफ की वस्तुस्थिति का फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने जिले के चिकित्सा संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की समीक्षा कर सुरक्षा के दृष्टिगत नियमित अंतराल पर मॉक ड्रील कर चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिये। उन्होंने चिकित्सा विभाग की योजनाओं जिसमें मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, मा वाउचर योजना इत्यादि की प्रगति का फीडबैक लेकर पात्र लोगों को योजना से जोडकर लाभांवित कराने के निर्देश दिये।

इस दौरान सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा, डॉ. मनोज गर्ग, डॉ. केसरी सिंह, डॉ. जालम सिंह राठौड, मेडिकल कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. इन्दू सूद, डॉ.दिनेश सूद, नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल राजपाल यादव, नर्सिंग अधीक्षक सुशीला वर्मा व सरला शर्मा सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story