राजस्थान

Alwar: वन मंत्री ने नव वर्ष महोत्सव व होली मिलन समारोह में की शिरकत

Tara Tandi
30 March 2025 7:02 PM IST
Alwar: वन मंत्री ने नव वर्ष महोत्सव व होली मिलन समारोह में की शिरकत
x
Alwar अलवर । वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने आज नव वर्ष विक्रम संवत-2082 चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के सुअवसर पर आदर्श शिक्षा समिति अलवर द्वारा आदर्श विद्या मंदिर स्कूल मालवीय नगर एवं राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ द्वारा ब्राह्मण छात्रावास में आयोजित नव वर्ष महोत्सव व होली मिलन समारोह में शिरकत की।
वन मंत्री श्री शर्मा ने आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आमजन को नव संवत्सर, चैत्र नवरात्र स्थापना एवं राजस्थान दिवस की शुभकामना दी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि सभ्य समाज के निर्माण में शिक्षा की महती भूमिका है। उन्होंने सोशल मीडिया पर आधारित लघु नाटिका की चर्चा करते हुए कहा कि सोशल मीडिया का जरूरत के आधार पर प्रयोग किया जाना चाहिए, अनावश्यक प्रयोग एक प्रकार के नशे के समान है, सोशल मीडिया के अत्यधिक प्रयोग से बच्चों के साथ-साथ हम सबको भी बचना चाहिए। सोशल मीडिया ने बच्चों को सर्वांगीण विकास के आवश्यक पारंपरिक खेलों से दूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को सोशल मीडिया के सदुपयोग एवं दुरुपयोग के बारे में सचेत करना चाहिए।
उन्होंने विधायक निधि से आदर्श विद्या मंदिर मालवीय नगर में सभागार कक्ष के निर्माण एवं आदर्श विद्या मंदिर राजेंद्र नगर में पेयजल की व्यवस्था कराने की घोषणा की। कार्यक्रम में उन्होंने प्रतिभावान बच्चों द्वारा सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, झांकी, रंगोली, मेहंदी, रामायण पर आधारित प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिता की सराहना की। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में अव्वल विजेता रहे छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर आदर्श शिक्षा समिति अलवर के पदाधिकारी डॉ. घासीराम यादव, डॉ. राजीव सक्सेना, श्री श्याम लाल गुप्ता, श्री प्रभु लाल, श्री भानु प्रताप, श्री विमल डोई सहित पं. जले सिंह, श्री सागर यादव, शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
नव वर्ष महोत्सव व होली मिलन समारोह में की शिरकत
वन मंत्री श्री संजय शर्मा ने राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ द्वारा आयोजित नव वर्ष महोत्सव व होली मिलन समारोह में शिरकत की। उन्होंने कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी अधिकारी एवं कार्मिक सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों एवं जन कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण व पुनित कार्य कर रहे है। सभी आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं की आपूर्ति के लिए अनवरत रूप से इसी प्रकार कार्य करते रहे। इस अवसर पर होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया जिसमें सभी ने पुष्प वर्षा कर होली खेली। इस दौरान वन मंत्री श्री शर्मा ने अपने प्रतिदिन के संकल्प के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारी श्री चंचल शर्मा, श्री पुष्पराज शर्मा, श्री धीरेंद्र सिंह, श्री राहुल चौधरी, श्री मोहर सिंह चौधरी, श्री पीयूष शर्मा, श्री राजेंद्र शर्मा सहित प्रबुद्ध व्यक्ति एवं अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Next Story