राजस्थान
Alwar: वन मंत्री ने बाबू शोभाराम महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना
Tara Tandi
22 March 2025 6:15 PM IST

x
Alwar अलवर । पर्यावरण एवं वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने शनिवार को बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में शिरकत की तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के पैनोरमा व आई स्टार्ट लॉन्च पैड कक्ष का उद्घाटन किया।
मंत्री श्री शर्मा ने महाविद्यालय में राज्य के पहले राष्ट्रीय सेवा योजना पैनोरमा की स्थापना की विद्यार्थियों को शुभकामना देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा का विशिष्ट स्थान है। इसी सेवाभाव को विद्यार्थियों को आत्मसात करने का कार्य राष्ट्रीय सेवा योजना कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार शुक्रवार को ही देश में पहली बार वन विभाग के द्वारा विकसित ’डीजी-वन-फोरेस्ट स्टैक’ ऐप का शुभारम्भ मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने किया है। उन्होंने पैनोरमा निर्माण में एनएसएस सेवा के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार के साथ मिली राशि के 2 लाख रूपये समर्पित करने वाली महाविद्यालय की प्रो. डॉ. सरोज मीणा को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि आई स्टार्ट लॉन्च पैड कक्ष की स्थापना से महाविद्यालय में विद्यार्थियों को स्टार्टअप के आइडिया मिल सकेगा जो कि एक बेहतर प्लेटफार्म साबित होगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ रोजगार प्रदाता भी बन सकेंगे। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार समन्वित भाव से कार्य कर रही है, जिसमें शिक्षा का विषय अग्रिम पंक्ति में है।
ये की घोषणाएं
उन्होंने महाविद्यालय में विधायक निधि कोष से एक बोरिंग, आंतरिक सडक व रोड लाइट तथा विधि महाविद्यालय में 14 लाख रूपये की लागत से कक्षा-कक्ष बनवाने की घोषणा की तथा अलवर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव से आग्रह कर उनके महत्वाकांक्षी कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी बनवाई जावेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों व महाविद्यालय के विद्यार्थियों को प्रदेश के वन्य अभयारण्यों में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था कराई जावेगी ताकि प्रकृति को समझने व सीखने का अवसर विद्यार्थियों को मिल सकेगा।
विद्यार्थी हित में समर्पित सरकार
उन्होंने कहा कि जिले व आसपास के विद्यार्थियों को देखकर सीखने का अवसर मिल सके इसी उद्देश्य से अलवर के विज्ञान नगर में 25 करोड रूपये की लागत से विज्ञान केंद्र तथा 15 करोड रूपये की लागत से तारामंडल बनवाने की बजट घोषणा मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा को आग्रह कर कराई गई है। इसी प्रकार एनसीआर के सबसे बडे चिडिया घर के रूप में कटी घाटी के पास बायोलॉजिकल पार्क विकसित कराया जा रहा है जिसमें बच्चों को वन व वन्य जीवों के बारे में देखने व समझने का अवसर मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अलवर शहर के पटरी पार के क्षेत्र की एक लम्बे समय से मांग थी उसको कन्या महाविद्यालय के रूप में बजट घोषणा कराकर पूरा करने का कार्य किया गया है ताकि बेटियों को नजदीक उच्च शिक्षा मिल सके। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय परिसर में अपने संकल्प प्रतिदिन एक पौधा लगाने के तहत पौधारोपण किया।
वन मंत्री का प्रतिदिन एक पेड लगाने का संकल्प अनुकरणीय
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर मीणा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा को परमो धर्म माना गया है। एनएसएस निरन्तर इसको आगे बढा रहा है ताकि विद्यार्थी आगे चलकर देश श्रेष्ठ नागरिक बनकर राष्ट्रीय उन्नति में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के द्वारा महाविद्यालय में डिग्री के साथ-साथ विद्यार्थियों को न केवल आत्मनिर्भर बनने बल्कि रोजगार उत्पन्न करने वाले बनने के लिए आई स्टार्ट तकनीकी शिक्षा जैसे अवसर महाविद्यालय में दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का नामकरण जिनके नाम से है उन महान शख्सियत बाबू शोभाराम को याद करते हुए कहा कि उनके साथ विधायक रहने का उन्हें सौभाग्य मिला, वे उच्च कोटि के व्यक्तित्व थे। उन्होंने मंत्री श्री संजय शर्मा के प्रतिदिन एक पेड लगाने के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि इनका यह कार्य हम सबके लिए अनुकरणीय व प्रेरणादायी है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक आर्य ने महाविद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। एबीआरएसएम के प्रदेश सह संगठन मंत्री एवं शिक्षाविद् श्री गंगा श्याम गुर्जर ने विस्तार से अपने विचार रखे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने व उपलब्धियां अर्जित करने वाले 125 विद्यार्थियों व प्रोफेसर्स को अतिथियों ने सम्मानित किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी।
इस दौरान राजऋषि महाविद्यालय के प्राचार्य श्री गोपीचंद पालीवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री महेन्द्र मीणा, पं. जले सिंह, श्री सतीश यादव, श्री राजेन्द्र कसाणा, श्री सतपाल यादव, श्री सोनू चौधरी सहित अनेक प्रबुद्ध व्यक्ति एवं महाविद्यालय के प्रोफेसर्स एवं बडी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
TagsAlwar वन मंत्रीबाबू शोभाराम महाविद्यालयराष्ट्रीय सेवा योजनाAlwar Forest MinisterBabu Shobharam CollegeNational Service Schemeजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





