राजस्थान

Alwar: जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज जिला प्रशासन की अभिनव पहल

Tara Tandi
14 Feb 2025 7:54 PM IST
Alwar: जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज जिला प्रशासन की अभिनव पहल
x
Alwar अलवर । जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज जिला प्रशासन की अभिनव पहल पर महिलाओं एवं बच्चों के लिए मिनी सचिवालय के प्रथम तल पर तैयार कराए गए ‘वात्सल्य केंद्र’ का फीता काटकर शुभारम्भ किया।
जिला कलक्टर ने बताया कि मिनी सचिवालय में जिले के प्रमुख कार्यालय स्थित है और यहां बडी संख्या में महिलाकर्मी पदस्थापित तो हैं ही साथ ही जिलेभर से बडी संख्या में प्रतिदिन महिला परिवादी यहां आती हैं। इन महिलाओं व उनके बच्चों के लिए सुरक्षित चाइल्ड फ्रेंडली कक्ष वात्सल्य केंद्र के रूप में तैयार कराया गया है जिसमें महिलाकर्मी व महिला परिवादी अपने बच्चों को इस कक्ष में छोड सकती हैं। यहां चाइल्ड फ्रेंडली आकर्षक पेंटिंग की गई है साथ ही बच्चों के लिए खिलौने, बैठने के लिए चाइल्ड फ्रेंडली फर्नीचर, अच्छी क्वालिटी के मैट के साथ पेयजल की व्यवस्था की गई है। यहां पर दो महिला होमगार्ड बच्चों के केयर टेकर के रूप में तैनात रहेंगी। इनके द्वारा बच्चों को खेल-खेल में सिखाया भी जाएगा।
उन्होंने बताया कि वात्सल्य केंद्र के अंदर ही तैयार कराए गए एक कक्ष में महिलाकर्मियों व आने वाले परिवादियों को सम्मान व प्राइवेसी के साथ बैठकर अपने बच्चों को स्तनपान कराने की सुविधा की गई है। उन्होंने बताया कि यह केंद्र कार्यालय समय में खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि इस वात्सल्य केंद्र को आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग से तैयार कराया गया है। वात्सल्य केंद्र की व्यवस्थाओं का संचालन व देखरेख नोडल विभाग महिला अधिकारिता विभाग द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के और वात्सल्य केंद्र जिले के कार्यालयों में बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
उपहार पाकर खिले बच्चों के चेहरे
जिला कलक्टर ने वात्सल्य केंद्र के शुभारम्भ के अवसर पर वहां पर मौजूद बच्चों को खिलौने व चॉकलेट आदि भेंट की जिस पर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान जिला कलक्टर ने महिलाओं व बच्चों से बातचीत कर कहा कि इस केंद्र को एक आइडल केंद्र के रूप में संचालित करने का दायित्व हम सभी का है। इसके संचालन व रखरखाव में सहयोग करें। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से मिठाई वितरित कर खुशी जाहिर की।
महिलाकर्मियों ने की अभिनव पहल की सराहना
जिला प्रशासन की इस अभिनव पहल पर महिलाकर्मियों एवं उपस्थित महिलाओं ने सराहना करते हुए कहा कि वात्सल्य केंद्र के खुलने से यहां पर बच्चों की देखभाल हो सकेगी जिससे वे राजकीय कार्य पूरे मनोयोग से कर पाएंगी। साथ ही अच्छे माहौल में प्राइवेसी के साथ अपने बच्चों को स्तनपान करा सकेंगी।
इस दौरान एडीएम शहर श्रीमती बीना महावर, नगर निगम आयुक्त श्री जितेन्द्र सिंह नरूका, महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक श्री ऋषिराज सिंगल, यूआईटी के उप सचिव श्री सोहन सिंह नरूका, एडीपीएस श्रीमती सुनीता यादव, पर्यटन विभाग की उप निदेशक श्रीमती टीना यादव, मुख्य लेखा अधिकारी सुश्री रितु जैन, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी श्रीमती सीमा कुमारी, पीडब्ल्यूडी की अधिशाषी अभियन्ता श्रीमती अल्का व्यास, आईसीआईसीआई बैंक के प्रतिनिधि श्री लेखराज सहित मिनी सचिवालय की समस्त महिला कार्मिक मौजूद रही।
Next Story