राजस्थान

Alwar: बिजली कटौती से नाराज महिला ट्रांसफार्मर पर चढ़ी, कर्मचारियों ने समझाया

Admindelhi1
10 Aug 2026 10:16 AM IST
Alwar: बिजली कटौती से नाराज महिला ट्रांसफार्मर पर चढ़ी, कर्मचारियों ने समझाया
x
बिजली को लेकर विवाद, महिला के ट्रांसफार्मर पर चढ़ने से मचा हड़कंप

अलवर: बिजली सप्लाई शुरू करने को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने ऐसा कदम उठा लिया कि मौके पर मौजूद बिजली निगम के कर्मचारियों के होश उड़ गए। रेणी क्षेत्र के भूड़ा गांव में महिला सीधे थ्री-फेज ट्रांसफार्मर पर चढ़ गई और ऊपर खड़े होकर कभी बिजली के तार खींचने तो कभी उन्हें हटाने लगी। कर्मचारी लगातार उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन महिला नीचे उतरने के बजाय उनसे बहस करती रही।

महिला ट्रांसफार्मर के ऊपर खड़ी दिखाई दे रही है। वह विद्युत तारों के साथ छेड़छाड़ करती नजर आती है। मौके पर मौजूद कर्मचारी उसे नीचे उतरने के लिए कहते रहे। महिला के पति की ओर से वीडियो में यह कहते हुए सुना गया कि, मरती है तो मर जाने दो, यह तो लाइन काटकर ही नीचे आएगी। काफी देर तक समझाइश के बाद बिजली निगम के कर्मचारियों ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।

मामले की शुरुआत 4 अगस्त को हुई भारी बारिश और जलभराव के बाद हुई। बारिश के कारण भूड़ा फीडर के करीब छह बिजली पोल टूटकर गिर गए थे। इससे गांव के करीब 400 उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी।

इसके बाद विद्युत निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर आखोदा फीडर से सिंगल फेज बिजली सप्लाई शुरू की। निगम के अनुसार खेतों में फसल खड़ी होने और पानी भरा होने के कारण थ्री-फेज सप्लाई तत्काल शुरू करना संभव नहीं था।

निगम के अनुसार 7 अगस्त की शाम कर्मचारी शटडाउन लेकर वैकल्पिक रूप से थ्री-फेज सप्लाई शुरू करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान दंपती मौके पर पहुंचे और बिजली व्यवस्था को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद महिला ट्रांसफार्मर पर चढ़ गई और विद्युत तंत्र के साथ छेड़छाड़ करने लगी। महिला के ट्रांसफार्मर पर चढ़ने के बाद कर्मचारियों ने उसे लगातार समझाया और नीचे उतरने के लिए कहा।

काफी प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।

घटना के बाद बिजली निगम ने मामले को गंभीरता से लिया है। जेईएन की ओर से संबंधित थाने में रिपोर्ट दी गई है, जिसमें विद्युत तंत्र से छेड़छाड़ करने और बिजली सप्लाई के कार्य में बाधा डालने के संबंध में कार्रवाई की मांग की गई है। बिजली निगम का कहना है कि विद्युत लाइन और ट्रांसफार्मर से छेड़छाड़ बेहद खतरनाक है। इससे संबंधित व्यक्ति की जान को खतरा होने के साथ बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। मामले में पुलिस स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Next Story