राजस्थान

Alwar: राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित

Tara Tandi
30 April 2025 6:53 PM IST
Alwar: राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित
x
Alwar अलवर । जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में आज मिनी सचिवालय स्थित कलक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने निर्देशित किया कि सभी राजस्व अधिकारी तत्परता से कार्य करते हुए बकाया राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में मई माह से प्रारम्भ हो रहे रास्ता खोलो अभियान की रूपरेखा की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिये कि अभियान के दौरान कदेमी आम रास्तों को चिन्हित कर 15 जून तक खुलवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिये कि आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने हेतु नियमित जनसुनवाई के साथ त्रि-स्तरीय जनसुनवाई एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त परिवेदनाओं का त्वरित गुणवत्ता के साथ निराकरण करें।
उन्होंने ई-फाइल प्रणाली पर जोर देते हुए निर्देश दिये कि ई-फाइलिंग को उपखंड अधिकारी कार्यालय एवं अधीनस्थ कार्यालयों में शत प्रतिशत लागू करने एवं ई-फाइलों त्वरित गति से निस्तारित करें। उन्होंने ऑनलाइन सीमाज्ञान एवं म्यूटेशन की समीक्षा कर उपखण्ड अधिकारियों को परिवादों की सघन मॉनिटरिंग करने सहित इनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं राजस्व मंत्री व उपनिवेशन विभाग से प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करते हुए कार्रवाई रिपोर्ट भिजवाने के निर्देश दिये। उन्होंने चारागाह भूमि एवं राजकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा करते हुए स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण के विरूद्ध नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने उपखण्डवार राजस्व वाद निस्तारण, पत्थरगढी के शेष प्रकरणों, विभागीय जांच के बकाया प्रकरण, रिवेन्यू लैंड कंवर्जन प्रकरण, बजट घोषणा एवं नॉन बजट घोषणाओं में भूमि आवंटन की स्थिति, भूमि संपरिवर्तन प्रकरण, ई-विद्या कार्यक्रम की समीक्षा कर संबंधित उपखण्ड अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत आगामी तीन माह में कार्य योजना बनाकर शिविरों के माध्यम से आमजन को योजना में रजिस्ट्रेशन करवाने हेतु प्रोत्साहित करें। साथ ही अब तक जिले में करीब 9 हजार रजिस्ट्रेशन करवा चुके उपभोक्ताओं की सौलर पैनल स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करवाकर पैनल लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने उपखण्ड स्तर पर हरियालो राजस्थान के तहत बैठक कर विभागवार पौधारोपण के लक्ष्य एवं मानसून के दौरान पौधारोपण के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देश दिये कि मिशन सक्षम आंगनबाडी के तहत दिए गए लक्ष्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर उन्हें आदर्श आंगनबाडी केंद्र तैयार करवाएं तथा जुलाई माह तक जिले में 50 आंगनबाडी केंद्रों को आदर्श आंगनबाडी केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु ब्लॉकवार 5-5 आंगनबाडी केंद्रों को और अडोप्ट कर उनको आदर्श आंगनबाडी केंद्र के रूप में विकसित करवाना सुनिश्चित करें, इस कार्य में सामाजिक संस्थाओं, भामाशाहों एवं आमजन का भी सहयोग लेवे।
फार्मर रजिस्ट्री शिविरों में उत्कृष्ट कार्य करने पर किया सम्मानित
जिला कलक्टर ने एग्रीस्टेक योजना के तहत किसानों की फार्मर आईडी बनाने व अन्य योजनाओं से लाभांवित कराने के उद्देश्य से जिले में लगाए गए शिविरों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उपखण्ड अधिकारी अलवर, कठूमर, लक्ष्मणगढ एवं रामगढ तथा तहसीलदार अलवर, कठूमर एवं नौगांवा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित कर उनके कार्य की सराहना की। साथ ही सभी उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिये कि ब्लॉक स्तर पर शिविरों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करें।
बैठक में एडीएम द्वितीय श्री योगेश डागुर, एडीएम शहर श्रीमती बीना महावर, सरिस्का के क्षेत्रा निरीक्षक श्री संग्राम सिंह कटियार, डीआईजी स्टॉम्प श्री संजय गोयल, उपखण्ड अधिकारी अलवर श्री यशार्थ शेखर, एसीईएम श्रीमती सुनीता यादव सहित समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं समस्त तहसीलदार उपस्थित रहे।
Next Story