Ajmer: भर्ती में अपात्र अभ्यर्थियों के लिए अल्टीमेटम जारी

अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सांख्यिकी अधिकारी (सांख्यिकी विभाग) भर्ती-2025 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि यदि उनके पास निर्धारित अनिवार्य शैक्षणिक योग्यता और अनुभव नहीं है, तो वे अपना ऑनलाइन आवेदन विड्रा कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन लिंक 23 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक सक्रिय रहेगा।
आयोग सचिव ने बताया कि रैंडम सैंपल जांच में सामने आया है कि कतिपय अभ्यर्थियों ने योग्यता न होने के बावजूद आवेदन कर दिया है। अतः शैक्षणिक योग्यता के संबंध में संदेहास्पद आवेदकों को तुरंत अपना आवेदन विड्रोल कर लेना चाहिए यदि ऐसे अभ्यर्थी अपात्र होने के बावजूद निर्धारित अवधि में अपना आवेदन वापस नहीं लेते हैं, तो कालांतर में जांच के दौरान पकड़े जाने पर उन्हें आगामी 3 वर्षों के लिए भर्ती परीक्षाओं से डिबार कर दिया जाएगा। साथ ही, भारतीय न्याय संहिता की धारा 217 के तहत दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
आयोग ने इस भर्ती के लिए कुल 113 पद पर आवेदन आमंत्रित किए थे । आयोग को इन पदों पर अर्थशास्त्र, सांख्यिकी या गणित (सांख्यिकी पेपर के साथ) में कम से कम सेकंड क्लास मास्टर डिग्री या वाणिज्य,कृषि सांख्यिकी में मास्टर डिग्री शैक्षणिक योग्यता वालों को आवेदन के लिए कहा था। कंप्यूटर सर्टिफिकेट आरएससीआईटी या इसके समकक्ष प्रमाण पत्र वाले भी आवेदन कर सकते थे। जिनके पास सरकारी विभाग या प्रतिष्ठित व्यावसायिक संस्थान में सांख्यिकीय कार्य का कम से कम 1 वर्ष का अनुभव वे भी आवेदन के हकदार थे। आयोग ने प्रथम श्रेणी मास्टर डिग्री, डॉक्टरेट या सांख्यिकी में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों और एससी,एसटी वर्ग के लिए अनुभव की शर्त में छूट भी दी थी। देवनागरी लिपि में हिंदी का कार्यसाधक ज्ञान और राजस्थानी संस्कृति की जानकारी वाले भी आवेदन के पात्र थे।





