राजस्थान

Ajmer: शक्ति सिंह राठौड़ ने भूडोल शिविर में जनसेवा कार्यों का किया मूल्यांकन

Tara Tandi
29 Jun 2025 11:52 AM IST
Ajmer: शक्ति सिंह राठौड़ ने भूडोल शिविर में जनसेवा कार्यों का किया मूल्यांकन
x
Ajmer अजमेर । माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के अंतर्गत उपखंड स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने उपखंड केकड़ी की ग्राम पंचायत गुलगांव एवं उपखंड सावर की ग्राम पंचायत टांकावास में अंत्योदय सम्बल शिविर का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
शिविर के दौरान जिला कलक्टर ने मौके पर उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी ली कि अब तक कितने प्रकरण प्राप्त हुए हैं और उनमें से कितने का मौके पर निस्तारण किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप इन शिविरों का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ देना है। इसके लिए सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र व्यक्ति को उसका हक वंचित न रहे।
जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को शिविर में सीमाज्ञान, नामांतरण, पत्थरगढ़ी, रास्तों से संबंधित प्रकरणों एवं सहमति से बंटवारे के मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के।निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित दिव्यांग प्रमाण पत्रों का शीघ्र सत्यापन कर जारी किया जाए। शिविर में आयुष्मान कार्ड वितरण, टीकाकरण, टीबी स्क्रीनिंग, सिलिकोसिस स्क्रीनिंग जैसी स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। साथ ही निर्देश दिए कि मृत्यु हो चुके एवं प्रवास पर गए व्यक्तियों की सूची का समयबद्ध शुद्धिकरण किया जाए।
उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को जलग्रहण संरचनाओं की मरम्मत से संबंधित कार्य, गरीबी मुक्त गांव योजना के तहत बीपीएल परिवारों को 21 हजार रुपए की डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि का वितरण तथा स्वामित्व योजना के तहत संपत्ति दस्तावेज तैयार कराने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा से संबंधित लंबित प्रकरणों एवं नवीन पात्र परिवारों की आधार सीडिंग की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। श्री लोकबंधु ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग को हर घर जल योजना के तहत कनेक्शन आवंटन एवं जलदाब की स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंत्योदय संबल पखवाड़े के माध्यम से प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। इसके लिए प्री कैंप आयोजित कर लाभार्थियों को चिन्हित करे। साथ ही आवश्यकता अनुसार पोस्ट कैंप का आयोजन भी किया जाए। राज्य सरकार की मंशा अनुसार कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित नहीं रहे। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए।
शिविर के दौरान गुलगांव में श्री आशाराम, श्री लालचंद, श्री सुखराम बैरवा सहित अन्य पात्र व्यक्तियों को पट्टे वितरित किए गए। वहीं टांकावास में रिंकू मीणा, श्री जगदीश प्रताप, श्री रामनारायण जोधा, श्री सोनू दुर्गलाल सहित अन्य को भी भूमि पट्टे सौंपे गए। साथ ही किसानों को खाद एवं बीज के मिनी किट तथा टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित की गईं।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री चंद्रशेखर भंडारी, उपखंड अधिकारी श्री सुभाष हेमानी, आरएएस अधिकारी श्रद्धा सिंह, विकास अधिकारी श्री सी एल इंदौरिया, सरपंच गुलगांव श्री नीरज चौधरी, सरपंच टांकावास श्री विजय प्रताप सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कार्मिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा
सफलता की कहानी-1
परित्यक्ता छगन कंवर को एकलनारी पेंशन प्रमाण पत्र जारी कर शुरू की गई पेंशन
ग्राम पंचायत भोगादीत में पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा अन्तर्गत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परित्यक्ता छगन कवंर पिता श्री नारायण सिंह उपस्थित हुई। इनका विवाह बचपन में श्री महावीर सिंह निवासी देवलिया से हुआ था। पारिवारिक अनबन के कारण विवाह उपरांत यह कभी ससुराल नहीं गई। उपखण्ड अधिकारी अरांई के निर्देशानुसार शिविर में ही इनको एकलनारी पेंशन प्रमाण-पत्र देकर पेंशन जारी की गई।
छगन कवंर को शिविर में ही एकलनारी पेंशन जारी होने पर उनके द्वारा राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे शिविर की प्रशंसा की गई तथा शिविर प्रभारी का आभार व्यक्त किया गया। शिविर में उपखण्ड अधिकारी श्रीमती निशा सहारण, तहसीलदार श्री हरिराम, नायब तहसीलदार श्री हिम्मत सिंह राठौड़ व अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।
पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा
सफलता की कहानी-2
ग्राम माला में रास्ता अतिक्रमण मुक्त कराया गया
ग्राम पंचायत भोगादीत में पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा अन्तर्गत शिविर का आयोजन किया गया। खसरा नम्बर 535 ग्राम माला में राजस्व रिकार्ड में दर्ज गैर मुमकिन रास्ता है। इसको आस पडोस के खातेदारों ने बाड लगाकर अवरूद्व कर रखा था। इसके कारण खातेदारों को अपनी कृषि भूमि तक आने जाने व अन्य कार्य करने में परेशानी आती थी। इसके लिए उपखण्ड अधिकारी अरांई तथा तहसीलदार अरांई के निर्देशानुसार रास्ते का नाप करके तुरंत प्रभाव से अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इससे समस्त ग्रामवासियों को कृषि कार्य के लिए आने जाने में सुगमता प्रदान हुई। काश्तकारों ने पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा के लिए राज्य सरकार तथा राजस्व विभाग की प्रंशसा की।
राजस्व विभाग द्वारा शिविर में दो सहमति बटवारे, एक 166 की शुद्वि, 12 पीएम किसान वेरिफिकेशन के कार्य भी किए गए। शिविर में उपखण्ड अधिकारी श्रीमती निशा सहारण, तहसीलदार श्री हरिराम, नायब तहसीलदार श्री हिम्मत सिंह राठौड़ सबंधित पटवारी व अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।
पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा
सफलता की कहानी-3
शिविर में जारी किए जन्म प्रमाण पत्र
ग्राम गनाहेडा में पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा अन्तर्गत शिविर का आयोजन किया गया। गनाहेडा निवासी श्री प्रिंस प्रजापत पुत्र जीतमल को अपनी पुत्री मिशिका प्रजापत का जन्म प्रमाण पत्र बनवाना था। श्री प्रिंस प्रजापत को राज्य सरकार द्वारा संचालित शिविर की जानकारी मिलने पर राजस्व टीम से संपर्क किया गया। राजस्व टीम द्वारा मौके पर ही श्री प्रिंस प्रजापत को अपनी पुत्री का जन्म प्रमाण पत्र बनाकर दिया गया।
इसी प्रकार ग्राम किशनपुरा निवासी सोनू पत्नी केलाराम को भी राज्य सरकार द्वारा संचालित शिविर की जानकारी मिलने पर वह शिविर में उपस्थिति हुई। राजस्व टीम से संपर्क किये जाने पर श्रीमती सोनू के पुत्र राहुल रेैगर तथा पुत्री रेणु का मौके पर ही जन्म प्रमाण पत्र बनाकर दिया गया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अन्तर्गत लघु सीमान्त महिला कृषक गनाहेडा निवासी पूनम, पप्पूडी, अनिता कंवर एवं कोया देवी को निःशुल्क बाजरा, मूंग, एवं मक्का फसलों के प्रमाणित बीज वितरित किए गए। सभी लाभार्थियों द्वारा राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे पंण्डित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय सम्बल पखवाडा की सराहना की गई।
पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा
सफलता की कहानी-4
शिविर में हुआ बंटवारा, हाथों-हाथ नामान्तरण की कार्यवाही से खातेदार हुए खुश
ग्राम पंचायत कायमपुरा में पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा अन्तर्गत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कायमपुरा निवासी प्रार्थीगण श्री इमरान खान पुत्र मांगू जाति मुसलमान व श्री असगर अली पुत्र उम्मेद खां वगैरह जाति मुसलमान ने शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार अजमेर-द्वितीय के समक्ष उपस्थित होकर ग्राम कायमपुरा में अपने खातेदारी भूमि खसरा नम्बर 1075 की भूमि का अपने-अपने हिस्से अनुसार बंटवारा करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
शिविर प्रभारी ने शिविर स्थल पर ही पटवारी हल्का छातडी व भू-अभिलेख निरीक्षक नरवर को तुरन्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने एवं बंटवारा प्रस्ताव तैयार करने के लिए आदेशित किया। शिविर में प्रार्थीगणों के आवेदन पर तत्काल कार्यवाही करते हुए बंटवारा प्रस्ताव तैयार कर नायब तहसीलदार अजमेर-द्वितीय को प्रस्तुत किया। इसे नायब तहसीलदार ने कैम्प स्थल पर ही बंटवारा आदेश जारी कर मौके पर ही नामान्तरकरण की कार्यवाही कर खातेदारों को राहत पहुंचाई। इस कार्यवाही की जानकारी मिलते ही प्रार्थीगणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कैम्प प्रभारी एवं राजस्व टीम को धन्यवाद दिया। इस तरह कैम्प लगाकर कृषकों की समस्याओं का समाधान मौके पर किए जाने पर राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की सराहना की।
पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा
सफलता की कहानी-5
खातेदारी भूमि का हुआ बंटवारा, शिविर में जारी किए बंटवारा आदेश
ग्राम पंचायत अरडका में पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा अन्तर्गत आयोजित कैम्प में प्रार्थीगण श्री ओमप्रकाश पुत्र नाथू जाति जाट निवासी ग्राम जाटली व श्रीमती सुखदेवी पत्नी पांचू जाति जाट निवासी मानपुरा ने शिविर प्रभारी नायब तहसीलदार अरडका के समक्ष उपस्थित होकर ग्राम अरडका में अपने खातेदारी भूमि खसरा नम्बर 1837 व 1858 की भूमि का अपने-अपने हिस्से अनुसार बंटवारा करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
कैम्प प्रभारी ने शिविर स्थल पर ही पटवारी हल्का अरडका व भू-अभिलेख निरीक्षक अरडका को तुरन्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने एवं बंटवारा प्रस्ताव तैयार करने के लिए आदेशित किया। पटवारी तथा भू अभिलेख निरीक्षक ने प्रार्थीगणों के आवेदन पर तत्काल कार्यवाही करते हुए बंटवारा प्रस्ताव तैयार कर नायब तहसीलदार अरडका को प्रस्तुत किया। इसे नायब तहसीलदार ने कैम्प स्थल पर ही बंटवारा आदेश जारी कर मौके पर ही नामान्तरकरण की कार्यवाही कर खातेदारों को राहत पहुंचाई। इस कार्यवाही की जानकारी मिलते ही प्रार्थीगणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कैम्प प्रभारी एवं राजस्व टीम को धन्यवाद दिया एवं इस तरह कैम्प लगाकर कृषकों की समस्याओं का समाधान मौके पर किये जाने पर राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की सराहना की।
पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा
सफलता की कहानी-6
मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना के तहत महिला कृषक को मिला निःशुल्क बीज
ग्राम पंचायत मेहरुकलां में पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्याोदय सम्बल पखवाडे के तहत शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में ममता पत्नी रमेश तेली ने बताया कि वह एक विधवा महिला है। कृषि ही उसके परिवार का जीवन-यापन का साधन है। अभी वर्तमान में बारीश होने से कृषि खेतों में बुआई बीज रोपण का कार्य शुरु हो गया है। परन्तु वह बाजार से बीज खरीदने में असमर्थ थी। फिर उसे कृषि विभाग की बीज योजना एवं राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना के बारे में जानकारी मिली है। जानकारी मिलने के बाद वह शिविर में पहुंची जहां उसे निःशुल्क बीज उपलब्ध करवाया गया। इसके लिये प्रार्थी ममता पत्नि रमेश तेली ने राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा
सफलता की कहानी-7
स्वामित्व तथा पट्टा योजना के तहत डिजिटल स्वामित्व कार्ड हुआ जारी
ग्राम पंचायत कुशायता में पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्याोदय सम्बल पखवाडे के तहत शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में प्रार्थी शंकर लाल पुत्र मांगीलाल जाट निवासी ग्राम मोटालाव ग्राम पंचायत कुशायता ने बताया की मेरी उम्र लगभग 55 वर्ष से अधिक है। मुझे नहीं पता था कि मकान का पट्टा तथा स्वामित्व क्या होता है। कई बार मेरे घर के पडोसी भी लडते-झगडते थे। लेकिन स्वामित्व तथा पट्टा योजना के तहत प्रशासन द्वारा उसे शिविर में बुला कर घर का डिजिटल स्वामित्व कार्ड या प्रोपटी कार्ड दिया गया। इससे उसे यह सुविधा रहेगी कि वह इस कार्ड से अपने पडोसियों को भी बता सकेगा कि उसके मकान की सीमाएं क्या है एवं उसका अधिकार कितना है। इसके लिए प्रार्थी शंकर लाल पुत्र मांगीलाल जाट ने राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाडा
सफलता की कहानी-8
उमराव सिंह को मिला वृद्धावस्था पेंशन का लाभ, शिविर में जारी हुए पीपीओ
ग्राम पंचायत सिलोरा के परिसर में पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय सम्बल पखवाडा के तहत आयोजित शिविर में ग्राम खातौली निवासी उमराव सिंह अपनी वृद्धावस्था पेंशन का आवेदन लेकर आए। शिविर प्रभारी तहसीलदार किशनगढ़ संजय को अपना आवेदन पत्र दिया और बताया की वह पेंशन के लिए काफी दिनों से एक ऑफिस से दूसरे ऑफिस के चक्कर लगा रहे है तथा इनको वृद्धावस्था पेंशन का लाभ नही मिल पा रहा है। तहसीलदार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए शिविर में उपस्थित अतिरिक्त विकास अधिकारी को निर्देशित किया की इनकी पेंशन का आवेदन करवाकर सत्यापन भी अभी करवाया जाए। प्राप्त निर्देशों के अनुसार पंचायतीराज के कार्मिकों द्वारा प्रार्थी से आवेदन करवाया गया और एक घण्टे के भीतर विकास अधिकारी कार्यालय से पेंशन का सत्यापन करवाकर प्रार्थी को पीपीओ प्रदान कर दिया गया। प्रार्थी उमराव ने पेंशन चालू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।
Next Story