राजस्थान

Ajmer: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से व्यवस्था प्रभावित

Admindelhi1
4 Jun 2026 10:17 AM IST
Ajmer: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से व्यवस्था प्रभावित
x
कर्मचारियों और प्रशासन के बीच गतिरोध बरकरार

अजमेर: नगर निगम अजमेर के अस्थाई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। स्मार्ट सिटी अजमेर के लोग इनदिनों गंदगी की दुविधा से दो चार होने को मजबूर है। घरों के बाहर साफ सफाई की व्यवस्थाएं चरमराई हुई हैं वहीं जगह जगह कचरे के ढ़ेर लगे हैं। अस्थाई कर्मचारी प्रतिदिन हाजिरी 500 रुपए निर्धारित करने की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं।

एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अंकित घारू ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए प्रशासन और ठेकेदार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में मात्र साढ़े छह से सात हजार रुपये वेतन पर सफाई कर्मचारियों का परिवार चलाना बेहद कठिन है।

घारू ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मचारियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी अस्थाई सफाई कर्मचारियों की प्रतिदिन की हाजरी कम से कम 500 रुपए निर्धारित की जाए और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में कर्मचारियों को तीसरी बार हड़ताल पर बैठना पड़ा है, जो प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है। यदि समय रहते कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और न्याय की मांग करने का अधिकार है। सफाई कर्मचारी अपने हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं तथा एनएसयूआई इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने प्रशासन से कर्मचारियों की जायज मांगों को तुरंत स्वीकार कर उन्हें राहत प्रदान करने की मांग की।

Next Story