राजस्थान

Ajmer: पेट्रोल-डीजल टैंकर की भिड़ंत से बड़ा हादसा, तीन घायल

Admindelhi1
9 Jun 2026 11:53 AM IST
Ajmer: पेट्रोल-डीजल टैंकर की भिड़ंत से बड़ा हादसा, तीन घायल
x
टैंकर और दो ट्रेलरों की जोरदार टक्कर, चालक गंभीर रूप से घायल

अजमेर: अजमेर जिले में जयपुर-नागौर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर होकरा गांव स्थित पुलिया के पास सोमवार को पेट्रोल-डीजल से भरे एक टैंकर और दो ट्रेलरों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में तीनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब होकरा पुलिया के पास टैंकर और सामने से आ रहे दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक उनमें फंस गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं की मदद से घायलों को निकालकर उपचार के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल भेजा गया। टैंकर में पेट्रोल और डीजल भरा होने के कारण संभावित आगजनी या विस्फोट की आशंका को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुष्कर थाना पुलिस के साथ पुष्कर तहसीलदार इंद्रजीत सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियातन दमकल विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर तैनात की गईं।

पुलिस ने सुरक्षा कारणों से घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी और भीड़ को दूर हटाया। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ तथा लंबा जाम लग गया। पुलिस ने होकरा पुलिया मार्ग पर यातायात रोककर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला। पुलिस के अनुसार घायलों का जेएलएन अस्पताल में उपचार जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Next Story