राजस्थान

Ajmer: एमडीएस विश्वविद्यालय के परिसर विकास पर लिए गए महत्वपूर्ण फैसले

Admindelhi1
19 July 2026 12:10 PM IST
Ajmer: एमडीएस विश्वविद्यालय के परिसर विकास पर लिए गए महत्वपूर्ण फैसले
x
एमडीएस विश्वविद्यालय प्रबंध बोर्ड ने विकास कार्यों पर लगाई मुहर

अजमेर: महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू) की प्रबंध बोर्ड की 115वीं बैठक शनिवार को कुलपति प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शैक्षणिक, प्रशासनिक, वित्तीय, आधारभूत संरचना एवं छात्र हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए विश्वविद्यालय के समग्र विकास की भावी कार्ययोजना पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कुलपति प्रो. अग्रवाल ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, शैक्षणिक सुधार, शोध गतिविधियों, डिजिटल प्रशासन, अधोसंरचना विकास, छात्र कल्याण एवं वित्तीय अनुशासन के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी वर्ष में नेक प्रत्यायन, एनआईआरएफ रैंकिंग में सुधार, शिक्षकों की भर्ती, शोध परियोजनाओं के विस्तार और छात्र संख्या बढ़ाने को प्रमुख प्राथमिकताएं बताया।

प्रबंध बोर्ड ने विद्या परिषद की 82वीं बैठक के निर्णयों की पुष्टि की तथा कुलपति द्वारा पारित प्रशासनिक आदेशों, अनुकंपा नियुक्तियों और पेंशनरों को महंगाई राहत संबंधी आदेशों का अनुमोदन किया। सहायकों के वेतनमान संशोधन, ग्रेड-पे एवं सेवा संबंधी मामलों के परीक्षण के लिए समिति गठित करने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां, शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी, परिसर से अतिक्रमण हटाने, एनसीसी इकाई शुरू करने, जल प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और खेल गतिविधियों को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने तथा नकल रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रखने का भी निर्णय लिया गया। प्रबंध बोर्ड ने विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर का उत्कृष्ट संस्थान बनाने के लिए प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Next Story