राजस्थान

Ajmer: अजमेर से हनुमानगढ़ तबादले में फर्जीवाड़ा, शिक्षिका के खिलाफ एफआईआर

Admindelhi1
25 Aug 2026 1:32 PM IST
Ajmer: अजमेर से हनुमानगढ़ तबादले में फर्जीवाड़ा, शिक्षिका के खिलाफ एफआईआर
x
डेपुटेशन आदेश में फर्जीवाड़ा उजागर, शिक्षिका पर दर्ज हुई एफआईआर

अजमेर: सरकारी स्कूल में कार्यरत एक महिला शिक्षिका द्वारा फर्जी डेपुटेशन आदेश प्रस्तुत कर अजमेर से हनुमानगढ़ के स्कूल में कार्यमुक्त होने के मामले में शिक्षिका के खिलाफ गंज थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कराया गया है। शिक्षिका को मामले के सामने आने के बाद तीन दिन पहले ही निलंबित किया जा चुका है।

अजयसर स्कूल के प्राचार्य विनय कुमार जैन की रिपोर्ट के अनुसार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रेल की डांग मीठा बेरा, अजमेर में कार्यरत सुमन देवी ने 19 अगस्त को प्रारंभिक शिक्षा निदेशक, राजस्थान बीकानेर के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया। आदेश में चुनाव आचार संहिता का हवाला देते हुए सुमन देवी को शैक्षणिक कार्य व्यवस्थार्थ राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ढाणी बेरवाल, भादरा, हनुमानगढ़ में लगाए जाने का उल्लेख था। आदेश पर विश्वास करते हुए स्कूल प्रशासन ने 19 अगस्त को स्कूल समय समाप्त होने के बाद सुमन देवी को ऑफलाइन कार्यमुक्त कर दिया। बाद में आदेश की जांच की गई तो वह फर्जी पाया गया।

इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय), प्रारंभिक शिक्षा, अजमेर की ओर से सुमन देवी को निलंबित कर उनका मुख्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भिनाय, अजमेर किया गया। प्राचार्य की रिपोर्ट पर पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फर्जी आदेश तैयार करने और उसे इस्तेमाल करने से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

फर्जी डेपुटेशन आदेश से जुड़ा एक अन्य मामला भी सामने आया है। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नाहरपुरा (मायापुर) के लेवल-1 शिक्षक श्यामलाल ताड़ा को भी निलंबित किया जा चुका है। उनके खिलाफ मांगलियावास थाने में मामला दर्ज कराया गया है।

Next Story