राजस्थान

Ajmer: सीएम भजनलाल शर्मा ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात कही

Admindelhi1
11 May 2026 1:40 PM IST
Ajmer: सीएम भजनलाल शर्मा ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात कही
x

अजमेर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुष्कर के कड़ैल गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में किसानों, युवाओं और ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि कृषि, डेयरी और सहकारिता क्षेत्र की मजबूती से गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण जीवन स्तर में व्यापक सुधार आएगा।

उन्होंने किसानों से आधुनिक एवं जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि परंपरागत खेती के साथ तकनीकी नवाचार और प्रोसेसिंग यूनिट्स से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गांवों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है। इसके लिए कृषि, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता और स्थानीय रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद पर बोनस, किसान सम्मान निधि, गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना, मंगला पशु बीमा योजना, मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट और दुग्ध उत्पादक संबल योजना जैसी योजनाएं किसानों और पशुपालकों को आर्थिक मजबूती प्रदान कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि स्थानीय पैदावार के अनुरूप गांवों में प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित होने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही किसानों को फलदार वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने इसे आय वृद्धि और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए उपयोगी बताया।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार स्वरोजगार और रोजगार के लिए ऋण सुविधाएं उपलब्ध करा रही है तथा राइजिंग राजस्थान के तहत हुए निवेश समझौते धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कर युवाओं के विश्वास को मजबूत किया गया है। कड़ैल गांव के 13 युवाओं को सरकारी सेवाओं में चयनित होना गांव के लिए गौरव का विषय है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों और युवाओं से संवाद किया। जैविक खेती, ड्रिप सिंचाई, फव्वारा सिंचाई और सोलर पंप जैसी योजनाओं के लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। आरएएस परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कुशल चौधरी सहित चयनित युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने रविवार रात कार्यक्रम के पश्चात गांव में रात्रि विश्राम किया तथा ग्रामीण परिवार के साथ भोजन कर आत्मीयता का संदेश दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

ग्राम विकास चौपाल के माध्यम से मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का फोकस गांव, किसान और युवा केंद्रित विकास पर है, जिससे ग्रामीण राजस्थान को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।

Next Story