राजस्थान

अजमेर-पुष्कर में बढ़ी रौनक, बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक और जायरीन

Admindelhi1
12 Nov 2026 4:26 PM IST
अजमेर-पुष्कर में बढ़ी रौनक, बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक और जायरीन
x
अजमेर-पुष्कर में पर्यटन की बहार, उमड़ा जायरीन का सैलाब

अजमेर: दीपावली की छुट्टियों के चलते अजमेर और तीर्थनगरी पुष्कर में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की भारी आवक देखने को मिल रही है। ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में जायरीन की भीड़ से महाना छठी जैसा नजारा दिखाई दे रहा है, वहीं पुष्कर में भी ब्रह्मा मंदिर, पवित्र सरोवर के घाटों और प्रमुख बाजारों में पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है।

अनुमान के मुताबिक अजमेर और पुष्कर में करीब एक-एक लाख जायरीन, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है। दरगाह में महाना छठी जैसा नजारा नजर आया है। धानमंडी में पैर रखने को भी जगह नहीं मिल रही है। ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में देश के विभिन्न राज्यों से जायरीन के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में जायरीन समूहों में अजमेर पहुंच रहे हैं। टूर ऑपरेटरों की बसों से भी यात्रियों की आवक हो रही है। इसके चलते दरगाह परिसर और आसपास के बाजारों में दिनभर भारी भीड़ नजर आ रही है।

जायरीन की संख्या बढ़ने से दरगाह में जियारत के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। आस्ताना शरीफ में प्रवेश के लिए जायरीन को कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। पायंती दरवाजे और अहाता-ए-नूर की ओर से प्रवेश व्यवस्था की जा रही है। दरगाह बाजार, दिल्ली गेट, गंज, फव्वारा, आनासागर बारादरी, बारहदरी और दौलतबाग तक जायरीन की खासी भीड़ दिखाई दे रही है।

इधर, दीपावली पर्व और सोमवती अमावस्या के चलते तीर्थनगरी पुष्कर में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की रौनक बढ़ गई है। अनुमान के अनुसार यहां करीब एक लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही हुई है। प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर, पुष्कर सरोवर के घाटों और प्रमुख बाजारों में दिनभर भीड़ बनी हुई है। दीपावली की छुट्टियों का आनंद लेने के लिए राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से पर्यटक पुष्कर पहुंच रहे हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले को लेकर पशुपालकों और पर्यटकों की आवक भी शुरू हो गई है। हालांकि फिलहाल होटलों में बुकिंग की स्थिति सामान्य है, लेकिन पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल, रेस्टोरेंट और पर्यटन कारोबार में तेजी आने लगी है। कुल मिलाकर दीपावली के बाद अजमेर की दरगाह और पुष्कर की तीर्थनगरी एक बार फिर पर्यटकों और श्रद्धालुओं से गुलजार ही उठी हैं।

Next Story