राजस्थान

Ajmer: गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की उठी जोरदार आवाज

Admindelhi1
13 Jun 2026 11:29 AM IST
Ajmer: गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की उठी जोरदार आवाज
x

अजमेर: गो माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को अजमेर स्थित ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह से सर्व समाज की विशाल रैली निकाली गई। मुस्लिम एकता मंच के तत्वाधान में आयोजित रैली में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

रैली का नेतृत्व शहर काजी मौलाना तौसीफ अहमद सिद्दीकी ने किया। रैली दरगाह के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुन: लौटी।

प्रतिभागियों ने गाे माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग करते हुए केंद्र सरकार से इस विषय पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और करोड़ों लोगों की आस्था का महत्वपूर्ण आधार है। गो संरक्षण और गो सम्मान केवल धार्मिक विषय नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा मुद्दा है। पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ ने कहा कि भारत की संस्कृति और परंपरा में गाे माता को विशेषज्ञ स्थान है। उन्होंने कहा कि जन भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार को इस विषय पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। साथ ही ऐसे प्रयासों को स्वागत किया जाना चाहिए, जो विभिन्न समाजों को एक मंच पर लाकर सामाजिक समरसता को मजबूत करें। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव कैलाश झालीवाल, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल, एकता मंच के नवाब हिदायतुल्ला ने भी गाे माता को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की वकालत करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस मामले में व्यक्तिगत रूप से ध्यान देने की आवश्यकता बताई। दरगाह के खादिम पीर सैयद फखर काजमी चिश्ती, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक डॉ श्रीगोपाल बाहेती, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल आदि शामिल हुए।

Next Story