फिर लगे गंदगी के ढेर, पैनल बॉक्स के ढक्कन व नल की टोटियां तक गायब
![फिर लगे गंदगी के ढेर, पैनल बॉक्स के ढक्कन व नल की टोटियां तक गायब फिर लगे गंदगी के ढेर, पैनल बॉक्स के ढक्कन व नल की टोटियां तक गायब](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/12/28/2365310-fir-lage-gandagi-k-dher-railing-todi-hone-lagi-tootfootkota-news28122022.webp)
कोटा: दशहरा मेला समाप्त होने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने दशहरा मैदान की सुध तक नहीं ली। जिससे मैदान में जगह-जगह गंदगी के ढेर तो लगे हुए हैं साथ ही पूरे मैदान में जगह-जगह टूट फूट भी होने लगी है। बिजली के पैनल बॉक्स के ढक्कन व नल की टोटियां तक गायब हो गई हैं। सितम्बर के अंतिम सप्ताह में शुरू हुए दशहरा मेले से पहले ही नगर निगम ने लाखों रुपए खर्च कर दशहरा मैदान की दशा को सुधारा था। मैदान में नालियों से लेकर टूटफूट तक को सही कराया था। मेले के दौरान मैदान की साफ सफाई भी नियमित करवाई जा रही थी। दशहरा मेला अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में समाप्त हुआ। मेला खत्म हुए अभी दो महीने का ही समय हुआ है। लेकिन वर्तमान में जिस तरह से मैदान की हालत है उसे देखकर लगता ही नहीं कि मेले के बाद मैदान कीे साफ सफाई भी हुई है। मैदान में प्रवेश करने के बाद दांयी तरफ से ही गंदगी व कचरे के ढेर लगे हुए हैं जो पूरे मैदान में जगह-जगह पर फेले हुए हैं। पक्की जगह हो या कच्चा मैदान। सभी जगह पर गंदगी बिखरी हुई है। किशोरपुरा थाने के सामने की तरफ मैदान में कचरे का इतना अधिक ढेर लगा हुआ है कि जिसे देखकर लगा है कि मैदान के आस-पास वालों ने भी यहां कचरा डाल दिया हो। कई जगह पर निर्माण सामग्री के ढेर लगे हुए हैं।
पैनल बॉक्स के ढक्कन चोरी: मैदान में बिजली के पैनल बॉक्स लगे हुए हैं। लेकिन उनमें से अधिकतर के ढक्कन ही चोरी हो गए हैं। यह स्थिति सबसे अधिक मंदिर की तरफ और किशोरपुरा थाने के सामने वाली दुकानों की तरफ खराब है। वहां शायद ही कोई पैनल ऐसा होगा जिसका ढक्कन गायब नहीं हो। पूरे बॉक्स बिना ढक्कन के ही हैं। जिससे वहां करंट का खतरा बना हुआ है। कई पैनल बॉक्स से तो बिजली की केबल की काट कर ले गए। केबल नहीं कटी तो पत्थर ही उखाड़ दिए। इतना ही नहीं मैदान में दिन के समय ही लाइटें जली हुई हैं। हालत यह है कि नशेडी व चोर तो जन सुविधा व पीने के पानी की जगह से नल की टोटियां तक चोरी कर ले गए। कई जगह से लोहे की रैलिंग काटकर ले गए।
हर जगह टूटफूट: दशहरा मैदान को मरम्मत को दो महीने भी नहीं हुए कि उससे पहले ही यहां फिर से टूटफूट होने लगी है। मैदान की अधिकतर नालियों के ढकान टूट चुके हैं। दुकानों की जगह-जगह से टाइल्स उखड़कर नीचे गिर चुकी हैं। फर्श कई जगह से उखड़ा हुआ है।
मेन गेट पर गार्ड, पीछे की तरफ नहीं:
दशहरा मैदान में नगर निगम कार्यालय के सामने से मेन गेट के पास तो सुरक्षा गार्ड लगे हुए हैं। जहां से किसी के भी अंदर जाने पर उनसे पूछताछ की जाती है। लेकिन पीछे की तरफ कोई गार्ड नहीं है। हालांकि मैदान के सभी गेट बंद हैं। लेकिन सूत्रों के अनुसार कई लोग रैलिंग कूदकर मैदान के अंदर रात के समय घुस जाते हैं। विशेष रूप से नशा करने वाले सामान चोरी कर ले जाते हैं।
मेले के दौरान लगाए थे सीसी टीवी:
दशहरा मैदान में मेले के दौरान तो नगर निगम की ओर से चारों तरफ सीसी टीवी कैमरे लगाए गए थे। लेकिन वह अस्थायी व्यवस्था थी। मेला खत्म होते ही उन कैमरों को भी हटा दिया गया। उसके बाद से मैदान में क्या हो रहा है इसकी जानकारी किसी को नहीं है। रात के अंधेरे में चोर मैदान में घुसकर सामान चोरी कर ले जाते हैं।
इनका कहना है: मैदान में मेले के दौरान सभी टूट फूट को सही करवाया था। लेकिन उसके बाद फिर से टूटफूट होने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हो रहा है तो एक बार मैदान का निरीक्षण कर वहां जो भी कमियां हैं उन्हें सही करवाया जाएगा।