राजस्थान

राजस्थान पंचायत चुनाव में हार के बाद BJP में मंथन, नेताओं से मांगी रिपोर्ट

Admindelhi1
22 Nov 2026 1:22 PM IST
राजस्थान पंचायत चुनाव में हार के बाद BJP में मंथन, नेताओं से मांगी रिपोर्ट
x
हार के कारण तलाशेगी भाजपा, टिकट देने वाले नेताओं से मांगा जवाब

जयपुर: राजस्थान के पंचायत चुनावों में कमजोर प्रदर्शन के बाद भाजपा ने हार के कारणों की समीक्षा शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने मुख्यमंत्री निवास पर बैठक कर चुनाव परिणामों और आगामी जिला प्रमुख व प्रधान के चुनावों की रणनीति पर चर्चा की।

पार्टी संगठन ने सभी जिला अध्यक्षों, विधायकों और विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों से हार के कारणों की रिपोर्ट मांगी है। टिकट वितरण में स्थानीय नेताओं को काफी हद तक स्वतंत्रता दी गई थी। ऐसे में कमजोर प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में उम्मीदवार चयन और चुनाव प्रबंधन को लेकर जवाबदेही तय करने की तैयारी है।

समीक्षा में कार्यकर्ताओं की नाराजगी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका और सत्ता-संगठन के बीच तालमेल जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

चुनाव परिणामों के आंकड़ों के अनुसार, जिला परिषद की 1275 सीटों में कांग्रेस ने 794 और भाजपा ने 357 सीटें जीतीं। वहीं पंचायत समितियों की 7520 घोषित सीटों में कांग्रेस को 3758 और भाजपा को 2213 सीटें मिलीं।

भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है और चुनावी कमियों की समीक्षा कर रही है।

अब जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव भाजपा के सामने अगली बड़ी चुनौती हैं। त्रिशंकु स्थिति वाली पंचायतों में निर्दलीय और छोटे दलों के समर्थन से चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।

Next Story