राजस्थान

अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों ने संभाली चुनावी जिम्मेदारी

Admindelhi1
28 Oct 2026 1:02 PM IST
अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों ने संभाली चुनावी जिम्मेदारी
x
अंतिम प्रशिक्षण के बाद चुनावी ड्यूटी पर निकले 382 दल

जोधपुर: पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय परिसर, जोधपुर से अंतिम प्रशिक्षण के बाद 382 मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) आलोक रंजन एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक डॉ. भंवर लाल मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न पंचायत समितियों के लिए स्थापित टेंट एवं मतदान सामग्री वितरण स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्वाचन कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कार्मिकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा निर्वाचन दायित्वों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।

जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने मतदान दलों को पूर्ण सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरश: पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो तथा प्रत्येक मतदाता भय एवं प्रलोभन से मुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। इसके लिए सभी कार्मिक संकल्पबद्ध होकर कार्य करें। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करने पर विशेष जोर दिया।

द्वितीय चरण के तहत बुधवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं, पंच एवं सरपंच पदों के लिए शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान निर्धारित है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों को अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर समय पर पहुंचने, निर्वाचन सामग्री का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करने के निर्देश दिए।

निर्वाचन पर्यवेक्षक डॉ. भंवर लाल ने भी मतदान दलों की रवानगी एवं निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

Next Story