खाटूश्यामजी में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, VIP दर्शन और वाहनों पर रोक

सीकर: राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में बाबा श्याम का जन्मोत्सव 20 नवंबर को कार्तिक शुक्ल एकादशी-द्वादशी मेले के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। संभावित भीड़ को देखते हुए श्री श्याम मंदिर कमेटी और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं।
मेले के दौरान पूरे खाटू कस्बे की निगरानी 240 सीसीटीवी कैमरों और दो ड्रोन से की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, होमगार्ड और सुरक्षा गार्ड की तैनाती की मांग की गई है। इसके अलावा चिकित्सा शिविर, दमकल वाहन और क्रेन की व्यवस्था भी की जाएगी।
जन्मोत्सव पर मंदिर को वृंदावन की तर्ज पर सजाया जाएगा। परिसर में राधा-कृष्ण की लीलाओं का चित्रण होगा और मोर पंख व विशेष फूलों से सजावट की जाएगी। बाबा श्याम के गर्भगृह में कोलकाता से आने वाले फूलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने 12 विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। रींगस रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा जवान और मेला आश्रय स्थल की व्यवस्था रहेगी।
20 नवंबर को खाटू कस्बा नो व्हीकल जोन रहेगा। वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक ही आने की अनुमति होगी। इसके आगे श्रद्धालुओं को पैदल जाना होगा। अधिक भीड़ होने पर दर्शन के लिए 10 किलोमीटर से लंबा पैदल मार्ग निर्धारित किया जा सकता है।
जन्मोत्सव के दौरान वीआईपी दर्शन बंद रहेंगे। केवल निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत दर्शन की अनुमति होगी। वहीं तोरण द्वार और अन्य खुले स्थानों पर आतिशबाजी प्रतिबंधित रहेगी। प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।





