जोधपुर में बना अनोखा एग्री-इको-टूरिज्म पार्क, इलेक्ट्रिक वाहन से होगी सैर

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर में थार मरुस्थल की जैव विविधता और पारंपरिक कृषि तकनीकों को करीब से देखने के लिए पर्यटकों को नई सुविधा मिली है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के केंद्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी) ने अपने एग्री-इको-टूरिज्म पार्क में इलेक्ट्रिक टूरिस्ट वाहन की शुरुआत की है। संस्थान के निदेशक डॉ. एचएस जाट ने इसका उद्घाटन किया।
करीब 8 हेक्टेयर में फैले इस पार्क में मरुस्थलीय क्षेत्र की 300 से अधिक प्रजातियां प्रदर्शित की गई हैं। यहां 32 ब्लॉकों में भ्रमण मार्ग बनाए गए हैं, जहां पर्यटक रेगिस्तानी वनस्पतियों, रेत के टीलों के स्थिरीकरण, वर्षा जल संचयन और आधुनिक कृषि तकनीकों को समझ सकेंगे।
नई इलेक्ट्रिक वाहन सुविधा से परिवारों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, किसानों और शोधार्थियों को पार्क का भ्रमण आसान होगा। गाइडेड टूर के जरिए पर्यटक पर्यावरण संरक्षण और मरुस्थलीय पारिस्थितिकी की जानकारी भी हासिल कर सकेंगे।





