राजस्थान

कृषि विश्वविद्यालय में दो दिवसीय सम्मेलन, वाटर मैन राजेंद्र सिंह होंगे शामिल

Admindelhi1
24 Nov 2026 1:18 PM IST
कृषि विश्वविद्यालय में दो दिवसीय सम्मेलन, वाटर मैन राजेंद्र सिंह होंगे शामिल
x
जोधपुर में 'जल 2026' की तैयारियां तेज, देशभर के विशेषज्ञ करेंगे मंथन

जोधपुर: राजस्थान के कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर में 10 और 11 दिसंबर को जल प्रबंधन एवं आधुनिक कृषि प्रौद्योगिकियों पर आधारित राष्ट्रीय सम्मेलन 'जल 2026' आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोमवार को कुलगुरु प्रो. वीरेंद्र सिंह जैतावत की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में कुलगुरु ने विभिन्न समितियों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान में कृषि उत्पादन जल की उपलब्धता पर निर्भर है। ऐसे में यह सम्मेलन शुष्क और अर्द्ध-शुष्क क्षेत्रों में जल संरक्षण और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सम्मेलन के संयोजक डॉ. प्रदीप पगारिया ने बताया कि कार्यक्रम में देशभर के प्रमुख जल संरक्षण विशेषज्ञ और वैज्ञानिक शामिल होंगे। इनमें पद्म विभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, भारत के 'वाटर मैन' डॉ. राजेंद्र सिंह, पद्मश्री उमाशंकर पांडे, संजय सिंह और डॉ. अर्जमदत्त सारंगी सहित अन्य विशेषज्ञ भाग लेंगे।

दो दिवसीय सम्मेलन में जल प्रबंधन, कृषि तकनीकों और शोध नवाचारों पर चर्चा होगी। साथ ही आधुनिक कृषि उपकरणों की प्रदर्शनियां, शोधार्थियों की पोस्टर प्रस्तुतियां और विभिन्न संस्थानों के स्टॉल लगाए जाएंगे।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा, जिसमें पद्मश्री सम्मानित लोक एवं सूफी गायक उस्ताद अनवर खान अपनी प्रस्तुति देंगे।

Next Story