राजस्थान

संविधान दिवस पर निकलेगी तिरंगा रैली, पोस्टर मेकिंग और क्विज प्रतियोगिता

Admindelhi1
21 Nov 2026 2:47 PM IST
संविधान दिवस पर निकलेगी तिरंगा रैली, पोस्टर मेकिंग और क्विज प्रतियोगिता
x
संविधान दिवस पर JNVU में श्रमदान से लेकर वाद-विवाद प्रतियोगिता तक होंगे आयोजन

जोधपुर: संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में पांच दिवसीय जागरूकता उत्सव आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के अंबेडकर अध्ययन केंद्र और सामाजिक सरोकार प्रकल्प की ओर से आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को संविधान के निर्माण, मूल्यों और डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान से परिचित कराना है।

कार्यक्रम समन्वयक निपुण जोशी और यदुपति वर्मा ने बताया कि उत्सव की शुरुआत तिरंगा रैली से होगी। यह रैली कला संकाय से संविधान पार्क तक निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल होंगे।

इस दौरान संविधान सभा की बहसों पर आधारित पुस्तकों का अवलोकन और विशेष पत्र वाचन सत्र भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थी संविधान पार्क में श्रमदान कर स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देंगे।

युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए पोस्टर मेकिंग, संविधान प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति समझ और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

अंबेडकर अध्ययन केंद्र ने विश्वविद्यालय के सभी विद्यार्थियों से कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। आयोजन के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

Next Story