राजस्थान

राजस्थान में शाही शादी का देसी अंदाज, बैलगाड़ियों में निकले बाराती

Admindelhi1
24 Nov 2026 3:10 PM IST
राजस्थान में शाही शादी का देसी अंदाज, बैलगाड़ियों में निकले बाराती
x
बेटे की शादी को बनाया यादगार, कारोबारी ने निकाली 8 बैलगाड़ियों की बारात

पाली: राजस्थान के पाली जिले के सुमेरपुर क्षेत्र के बांकली गांव में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई। यहां कारोबारी समाराम उर्फ चंदनलाल घांची ने अपने बेटे कुणाल उर्फ किशोर की बारात हेलीकॉप्टर या लग्जरी गाड़ियों के बजाय आठ सजी-धजी बैलगाड़ियों में निकाली। वहीं दूल्हा विंटेज कार में सवार होकर दुल्हन को लेने पहुंचा।

बारात जब गांव की गलियों से गुजरी तो करीब दो किलोमीटर तक लोगों की भीड़ इसे देखने के लिए जमा हो गई। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने इस पारंपरिक अंदाज का आनंद लिया और मोबाइल में तस्वीरें व वीडियो बनाए।

कारोबारी ने बताया कि आठों बैलगाड़ियां लालपुरा से मंगवाई गई थीं, जिनका किराया प्रति बैलगाड़ी 10 हजार रुपये दिया गया। दूल्हे के लिए शिवगंज से विंटेज कार मंगाई गई थी।

बारात सुबह करीब 11 बजे दुल्हन समीक्षा के घर पहुंची, जहां विवाह की रस्में पूरी हुईं। इसके बाद कुणाल अपनी दुल्हन को विंटेज कार में बैठाकर घर लेकर पहुंचा। आधुनिक शादियों के बीच इस पारंपरिक आयोजन ने पूरे गांव का ध्यान खींच लिया।

Next Story