राजस्थान

डीग में युवा नेतृत्व की नई मिसाल, आर्किटेक्चर छात्रा बनीं सबसे युवा सरपंच

Admindelhi1
10 Nov 2026 3:25 PM IST
डीग में युवा नेतृत्व की नई मिसाल, आर्किटेक्चर छात्रा बनीं सबसे युवा सरपंच
x
पंचायत की कमान अब 21 वर्षीय छात्रा के हाथ, डीग में बनीं सबसे युवा सरपंच

जयपुर: उम्र महज 21 साल, हाथ में आर्किटेक्चर की पढ़ाई और सामने गांव की जिम्मेदारी... डीग जिले की बेर्रू ग्राम पंचायत में हुए पंचायत चुनाव का परिणाम कुछ ऐसा रहा कि एक युवा छात्रा ने राजनीति में कदम रखते हुए इतिहास रच दिया। जयपुर में आर्किटेक्चर की पढ़ाई कर रहीं अंकिता यादव ने सरपंच का चुनाव जीतकर जिले की सबसे कम उम्र की सरपंच बनने का गौरव हासिल किया है।

बृजनगर पंचायत समिति की बेर्रू ग्राम पंचायत की इस सीट पर अंकिता यादव को 1,288 वोट मिले। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सोनू कुमारी को 616 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। सोनू कुमारी को 672 वोट मिले। सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर अंकिता की जीत को गांव की राजनीति में युवा नेतृत्व की दस्तक के तौर पर देखा जा रहा है।

अंकिता यादव का जन्म 26 अक्टूबर 2005 को हुआ। उनके पिता का नाम महावीर सिंह यादव है।

अंकिता जयपुर की एक निजी एकेडमी में चार वर्षीय आर्किटेक्चर कोर्स कर रही हैं। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पंचायत चुनाव लड़ने का फैसला किया और जीत हासिल कर जिले की सबसे युवा सरपंच बनने का गौरव प्राप्त किया।

सरपंच बनने के बाद अंकिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती पढ़ाई और पंचायत की जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की होगी।

गांव में सड़क, जल निकासी, सफाई, पेयजल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य उनकी प्राथमिकताओं में रहेंगे। आर्किटेक्चर की पढ़ाई के दौरान हासिल तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल वह गांव के विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की योजना बनाने में किस तरह करती हैं, यह भी खासा दिलचस्प होगा।

Next Story