राजस्थान

NH-48 पर भीषण टक्कर के बाद आग का तांडव, दो फायरमैन की मौत

Admindelhi1
2 Nov 2026 11:31 AM IST
NH-48 पर भीषण टक्कर के बाद आग का तांडव, दो फायरमैन की मौत
x
नेशनल हाईवे-48 पर हादसे के बाद वाहन में लगी आग, दो की मौत

उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले में नेशनल हाईवे-48 पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दमकल विभाग के दो फायरमैन की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दमकल चालक और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ऋषभदेव थाना क्षेत्र के माकड़जपा गांव के निकट हुआ। टक्कर के बाद दमकल वाहन में आग लग गई, जिससे दोनों फायरमैन केबिन में फंस गए और जिंदा जल गए।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे एक ट्रेलर आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर से टकरा गया। इसके बाद अनियंत्रित हुआ ट्रेलर डिवाइडर पार कर हाईवे की दूसरी लेन में चला गया। इसी दौरान सामने से आ रही दमकल की गाड़ी से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दमकल वाहन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई।

ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी के अनुसार फायर ब्रिगेड निजी कम्पनी की है। हादसे के समय दमकल वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दमकल चालक को बाहर निकाल लिया, लेकिन केबिन में फंसे दो फायरमैन बाहर नहीं निकल सके। आग की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में दमकल चालक और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर के एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक फायरमैनों की शिनाख्त के लिए संबंधित कंपनी से संपर्क किया जा रहा है।

दुर्घटना के कारण नेशनल हाईवे-48 पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Next Story