
अजमेर: विवाह समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे चाचा-भतीजे का सफर आखिरी साबित हुआ। राजस्थान के अजमेर-पुष्कर बायपास पर कायड़ तालाब की पुलिया के पास तेज रफ्तार कार ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया।
मृतकों की पहचान पुष्कर के माली मोहल्ला निवासी हुकमचंद दगदी (40) पुत्र पूनमचंद और यश दगदी (23) पुत्र त्रिलोकचंद के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे और किशनगढ़ में एक परिचित के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे।
शादी समारोह के बाद दोनों स्कूटर से पुष्कर लौट रहे थे। इसी दौरान कायड़ तालाब की पुलिया के पास उनकी स्कूटर तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर चोटों के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही गेगल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार कार और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे में जान गंवाने वाला यश अविवाहित था। वहीं, हुकमचंद के परिवार में 16 वर्षीय बेटा और एक छोटी बेटी है। उनका बेटा दसवीं और बेटी छठी कक्षा में पढ़ती है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर फैलते ही पुष्कर के माली मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी हुई है।





