राजस्थान

भोले की बारात में निकली भूतों की टोली, कावड़ यात्रा में उमड़े लोग

Shantanu Roy
7 July 2023 12:31 PM GMT
भोले की बारात में निकली भूतों की टोली, कावड़ यात्रा में उमड़े लोग
x
दौसा। सावन माह में पंच महादेव की नगरी दौसा में धर्म-कर्म की बयार बह रही है। यहां के प्रसिद्ध 5 शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब देखने को मिल रहा है। यहां बारादरी स्थित सीताराम मंदिर में शुक्रवार को शिव महापुराण कथा की स्थापना हुई। इसे लेकर शिव बारात का आयोजन किया गया। सुबह करीब 7 बजे खादी भंडार रोड स्थित ओम्कारेश्वर महादेव मंदिर से भगवान भोले की बारात गाजे-बाजे के साथ रवाना होकर मानगंज, रेलवे स्टेशन, गांधी तिराहा, लालसोट रोड, आनंद शर्मा स्कूल, मेला मैदान होते हुए बारादरी मंदिर परिसर पहुंची।
बारात में भगवान भोलेनाथ दूल्हे के रूप में नंदी पर सवार होकर चले तो वहीं शहरवासी बाराती के रूप में नाचते-गाते हुए शामिल हुए। भोले की बारात में कलाकारों द्वारा अघोरी भूतों की झांकी व ढोल मंजीरे के साथ भजनों की धुन पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। भोले की बारात के साथ सैकड़ों महिलाएं कलश लेकर चली तो तिरंगा यात्रा व कावड़ यात्रा में भी आस्था का सैलाब देखने को मिला। जहां भगवान शंकर के जयकारे गुंजायमान हो गए। लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया।
17 जुलाई तक चलेगा आयोजन आयोजन समिति के संयोजक मनोज राघव ने बताया कि बारादरी मंदिर में 7 से 17 जुलाई तक रुद्राभिषेक, शिव महापुराण कथा के साथ सवा करोड़ महामृत्युंजय जाप व सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण रूद्र महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देवनगरी दौसा में यह पहला ऐतिहासिक आयोजन है, जिसमें सर्वसमाज के लोग उत्साह के साथ शामिल हो रहे हैं। इस दौरान कथावाचक संतोष शास्त्री, बलराम मिश्रा, नवीन शर्मा, प्रवीण शर्मा, रोहित डंगायच, सुशील शर्मा, मनोज जैमन, योगेश तिवारी समेत 200 से ज्यादा वालंटियर व्यवस्थाओं को संभालते हुए देखे गए।
Next Story