राजस्थान

जयपुर में भव्य पिच्छीका परिवर्तन महोत्सव, आचार्य प्रज्ञासागर महाराज का मिलेगा सानिध्य

Admindelhi1
14 Nov 2026 1:53 PM IST
जयपुर में भव्य पिच्छीका परिवर्तन महोत्सव, आचार्य प्रज्ञासागर महाराज का मिलेगा सानिध्य
x
राष्ट्रीय गुरुआस्था अधिवेशन में जुटेंगे देशभर के श्रद्धालु, जैन प्रतिभाओं का होगा सम्मान

जयपुर: धर्म, गुरु भक्ति, गौ सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जगतपुरा के समीप स्थित गोलोकधाम निमोडिया में राष्ट्रीय गुरुआस्था अधिवेशन एवं पिच्छीका परिवर्तन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रसंत आचार्य 108 प्रज्ञासागर महाराज के पावन सानिध्य में 14 और 15 नवंबर को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव की मुख्य थीम ‘गौ सेवा से आत्म कल्याण’ रखी गई है। आयोजन में देश के विभिन्न शहरों से एक हजार से अधिक गुरु भक्त और श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।

जयपुर के साथ कोटा, उज्जैन, बड़ौदा, सूरत, इंदौर, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता सहित विभिन्न शहरों के श्रद्धालुओं की सहभागिता से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ जैन प्रतिभाओं का सम्मान, भजन संध्या और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

राष्ट्रीय अधिवेशन के मुख्य समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े भी शामिल होंगे। चातुर्मास व्यवस्था समिति के मुख्य संयोजक चेतन जैन निमोडिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें आयोजन का निमंत्रण दिया।

राज्यपाल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए 15 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होने की स्वीकृति प्रदान की है। वे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान अनिल जैन बनेठा, दीपक जैन बाकलीवाल, विनोद जैन कोटखावदा और अंकित जैन गाजियाबाद भी उपस्थित रहे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार सुबह 10:30 बजे ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रीय गुरुआस्था अधिवेशन का औपचारिक शुभारंभ होगा। इसके बाद चित्र अनावरण और दीप प्रज्वलन सहित विभिन्न मांगलिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। हुमड़ परिवार की ओर से गुरु आस्था मंगल कलश की स्थापना की जाएगी। इस अवसर पर पाद प्रक्षालन का धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

अधिवेशन के प्रथम सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली जैन समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इंदौर के चिंतन बाकलीवाला को ‘जैन स्वर चक्रवर्ती अवार्ड’ प्रदान किया जाएगा। सौरभ जैन को ‘द वॉयस ऑफ इंस्पिरेशन अवार्ड’ और श्वेता मोदी को ‘जैन वुमन एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।

इसके साथ ही कोटा गुरु आस्था परिवार को ‘बेस्ट गुरु आस्था परिवार-2026’ का सम्मान प्रदान किया जाएगा।

शनिवार शाम छह बजे महोत्सव का प्रमुख धार्मिक आयोजन आचार्यश्री का पिच्छीका परिवर्तन कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके बाद रात 7:30 बजे से भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें प्रखर जैन और चिंतन बाकलीवाला भजनों की प्रस्तुति देंगे। भजन संध्या के पुण्यार्जन कर्ता अनिल-उषा जैन बनेठा हैं।

रविवार को सुबह 6:30 बजे भगवान जिनेंद्र के अभिषेक और शांतिधारा के साथ दूसरे दिन के कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। अधिवेशन के तृतीय सत्र में पर्यावरण संरक्षण को विशेष महत्व दिया जाएगा। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी और पदाधिकारी पर्यावरण की रक्षा करने की शपथ लेंगे।

रविवार को आचार्य प्रज्ञासागर महाराज के मंगल प्रवचनों का भी आयोजन होगा। राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े मुख्य समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे।

दोपहर दो बजे से आयोजित होने वाले अधिवेशन के चतुर्थ सत्र में विभिन्न प्रांतों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लोकेश जैन सीसवाली आयोजन में सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करेंगे।

दो दिवसीय राष्ट्रीय गुरुआस्था अधिवेशन का समापन रविवार शाम 4:55 बजे ध्वज वंदन के साथ होगा।

गोलोकधाम निमोडिया में आयोजित इस महोत्सव के माध्यम से गुरु भक्ति और धार्मिक आस्था के साथ गौ सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। आचार्य प्रज्ञासागर महाराज के सानिध्य में होने वाले धार्मिक अनुष्ठान, प्रतिभा सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां अधिवेशन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

Next Story