जोधपुर में लोक आस्था का महापर्व शुरू, रविवार को डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य

जोधपुर: सूर्य नगरी जोधपुर में लोक आस्था, प्रकृति प्रेम और सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय की रस्म के साथ शुरू हो गया। घरों में छठी मैया के मंगल गीतों के बीच व्रती महिलाओं ने स्नान-ध्यान कर व्रत का संकल्प लिया। चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर शहर में निवासरत बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्यप्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों के मूलवासियों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। शनिवार को खरना पूजा के बाद व्रती महिलाओं का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू होगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार को उदित सूर्य को अर्घ्य देकर महापर्व संपन्न होगा।
छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ नहाय-खाय की परंपरा निभाई। स्नान करने के बाद घरों की साफ-सफाई की गई और सात्विक भोजन तैयार किया गया। व्रतियों ने सात्विक भोजन ग्रहण करने के साथ ही सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का संकल्प लिया। घरों में गूंजते छठ के पारंपरिक गीतों ने उत्सव के माहौल को भक्तिमय बना दिया।
जोधपुर के रातानाडा, कुड़ी भगतासनी, एयरफोर्स सैन्य क्षेत्र, मधुबन हाउसिंग बोर्ड और बासनी सहित विभिन्न इलाकों में छठ महापर्व की रौनक देखने को मिल रही है। इन क्षेत्रों में निवासरत विभिन्न राज्यों के मूलवासी पारंपरिक विधि-विधान के साथ पर्व मना रहे हैं। परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और मनोवांछित फल की प्राप्ति के लिए व्रती महिलाएं सूर्य देव और छठी मैया की आराधना कर रही हैं।
चार दिवसीय महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना पूजा की जाएगी। इस दिन व्रती महिलाएं पूरे दिन निर्जला उपवास रखेंगी और शाम को सूर्य देव की उपासना करने के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगी। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।
महापर्व के लिए विशेष रूप से ठेकुआ प्रसाद तैयार किया जाएगा। व्रती महिलाएं गेहूं को धोकर और सुखाकर घर की चक्की में पीसेंगी। इसी आटे से ठेकुआ बनाया जाएगा, जिसे पूजा के दौरान भगवान सूर्य और छठी मैया को अर्पित किया जाएगा। प्रसाद तैयार करने से लेकर पूजा की अन्य रस्मों तक पवित्रता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
रविवार, 15 नवंबर को छठ महापर्व की मुख्य पूजा होगी। षष्ठी के अवसर पर व्रती महिलाएं शहर के विभिन्न तालाबों और कृत्रिम जलकुंडों में पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगी। जल में खड़े होकर भगवान भास्कर की उपासना की जाएगी और परिवार की खुशहाली की कामना की जाएगी।
शहर में रातानाडा गणेश मंदिर के नीचे स्थित तालाब पर छठ महापर्व का सबसे बड़ा आयोजन होगा। इसके अलावा कुड़ी भगतासनी सहित अन्य क्षेत्रों में भी कृत्रिम जलकुंड तैयार कर पूजा के लिए पांडाल सजाए जाएंगे। रातानाडा जलाशय, शेखाजी का तालाब, एयरफोर्स क्षेत्र और बासनी में भी छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर कृत्रिम जलकुंड बनाए जा रहे हैं। पूजा स्थलों पर रोशनी और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
छठ महापर्व का अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को होगा। इस दिन व्रती महिलाएं सुबह उदित सूर्य को अर्घ्य प्रदान करेंगी। सूर्य देव और छठी मैया की आराधना के बाद 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का पारणा किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय डाला छठ पूजन उत्सव संपन्न हो जाएगा।
सूर्य उपासना से जुड़ा यह महापर्व प्रकृति, जल और जीवन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा का प्रतीक है। व्रती भगवान भास्कर और छठी मैया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि के साथ ही समस्त चराचर जगत पर कृपा बनाए रखने की कामना करते हैं।
नहाय-खाय के साथ शुरू हुए इस महापर्व को लेकर जोधपुर के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण है। अब शनिवार को खरना पूजा के बाद रविवार शाम और सोमवार सुबह शहर के जलाशयों तथा कृत्रिम कुंडों पर सूर्य उपासना की परंपरा निभाई जाएगी।





