अलवर में भाईदूज का भव्य आयोजन, 4 हजार बहनों को मिले उपहार

अलवर: राजस्थान के अलवर में भाईदूज के अवसर पर आयोजित 'बहनों का वंदन (आत्मीयता का अभिनंदन)' कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने चार हजार से अधिक महिलाओं को शगुन स्वरूप उपहार भेंट किए। इस दौरान बहनों ने मंत्री को तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में विभिन्न समाजों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने सभी को भाईदूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने महिलाओं से मिले स्नेह और आशीर्वाद को अपना सौभाग्य बताया।
संजय शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाडो प्रोत्साहन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और पीएम मुद्रा योजना का उल्लेख किया। साथ ही पात्र परिवारों को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में अलवर नगर निगम की महापौर सुमनलता अग्रवाल, उप महापौर अजय पूनिया, सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन सांगवान, पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





