रवि पुष्य नक्षत्र पर जयपुर के गणेश मंदिर में होगा भव्य अभिषेक, 1008 मोदक चढ़ाए जाएंगे

जयपुर: रवि पुष्य नक्षत्र के अवसर पर मोती डूंगरी स्थित भगवान श्री गणेशजी महाराज के मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। मंदिर प्रन्यास की ओर से सुबह 8 बजे पुष्य पंचामृत अभिषेक शुरू होगा। इसमें 151 किलो दूध, 21 किलो दही, सवा पांच किलो घी, 21 किलो बूरा, शहद और सुगंधित जल एवं इत्र का उपयोग किया जाएगा।
मंदिर के महंत कैलाश शर्मा के अनुसार, अभिषेक की शुरुआत गंगाजल से भगवान के स्नान के साथ होगी। इसके बाद केवड़ा जल, गुलाब जल और पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। सुबह 11 बजे भगवान श्री गणपति सहस्त्रनाम के साथ 1008 मोदक अर्पित किए जाएंगे।
इस अवसर पर भगवान गणेश नवीन पोशाक धारण करेंगे और विशेष फूल बंगले में विराजेंगे। उन्हें खीर का भोग भी लगाया जाएगा। अभिषेक के बाद श्रद्धालुओं को निःशुल्क रक्षा सूत्र वितरित किए जाएंगे। मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।





