पंचायतराज चुनाव में फर्जी आदेश से मचा बवाल, अधिवक्ता को जेल

झुंझुनूं: राजस्थान के सूरजगढ़ में पंचायतराज चुनाव के दौरान हाईकोर्ट के कथित फर्जी आदेश का इस्तेमाल कर चुनाव लड़ने की अनुमति हासिल करने के मामले में गिरफ्तार अधिवक्ता विक्रम सिंह को जेल भेज दिया गया है। बुधवार को दो दिन का पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद पुलिस ने उन्हें चिड़ावा स्थित एसीजेएम न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय ने जेल भेजने का आदेश दिया।
अदालत परिसर में मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान विक्रम सिंह ने खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने पूरे मामले को राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए कहा कि कथित फर्जी आदेश तैयार करने या किसी को भेजने में उनकी कोई भूमिका नहीं है।
इस मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक को 19 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। एसपी को दर्ज एफआईआर और अब तक की जांच से जुड़ी तथ्यात्मक रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करनी होगी।
दरअसल, पूरा विवाद सूरजगढ़ से कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार के पुत्र जयप्रकाश के पंचायतराज चुनाव में नामांकन से जुड़ा है। ग्राम पंचायत जीणी की मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के बाद हाईकोर्ट के नाम से एक कथित आदेश सामने आया था। इसमें जयप्रकाश का नाम मतदाता सूची में बहाल करने और चुनाव लड़ने की अनुमति देने का उल्लेख था।
बाद में हाईकोर्ट के रिकॉर्ड की जांच में संबंधित तारीख को ऐसा कोई आदेश जारी नहीं होने की बात सामने आई। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
सूरजगढ़ पुलिस अब कथित फर्जी आदेश तैयार करने, निर्वाचन अधिकारियों तक पहुंचाने और चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल करने से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। सीआई रामसिंह के अनुसार, पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। हालांकि, अभी तक किसी अन्य गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब 19 नवंबर को हाईकोर्ट में एसपी की पेशी पर नजर रहेगी, जहां पुलिस को जांच की प्रगति और अब तक की कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत करना है।





