राजस्थान

म्यूल हंटर अभियान में साइबर अपराध से जुड़ा आरोपी पकड़ा गया

Admindelhi1
12 Oct 2026 9:58 AM IST
म्यूल हंटर अभियान में साइबर अपराध से जुड़ा आरोपी पकड़ा गया
x
अभियान म्यूल हंटर में पुलिस को मिली सफलता, आरोपी गिरफ्तार

जयपुर: साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुहाना थाना पुलिस ने अभियान म्यूल हंटर के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कमीशन के बदले साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में मंगवाता था और बाद में नकद निकालकर या दूसरे खातों में स्थानांतरित कर गिरोह तक पहुंचाता था। आरोपी के दो बैंक खातों के विरुद्ध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर पांच शिकायतें दर्ज हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि संदिग्ध बैंक खातों और साइबर अपराध से जुड़े हॉटस्पॉट पर कार्रवाई के लिए हाना थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी योगेन्द्र सिंह पाल (21) निवासी मुहाना को गिरफ्तार किया। आरोपित कथित तौर पर देशभर में सक्रिय साइबर ठगों के संपर्क में था। जांच में सामने आया कि साइबर ठग डिजिटल अरेस्ट, लॉटरी और टास्क फ्रॉड जैसी ठगी के जरिए प्राप्त रकम आरोपी के बैंक खातों में स्थानांतरित करवाते थे।

आरोपी कमीशन के लालच में बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। पुलिस के मुताबिक, वह खातों में रकम आने के बाद एटीएम से नकदी निकालता या दूसरे खातों में स्थानांतरित कर देता था। इसके बाद रकम मुख्य गिरोह तक पहुंचाई जाती थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर खातों के इस्तेमाल और साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कमीशन के लालच में किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या यूपीआई पहचान का इस्तेमाल नहीं करने दें। ऐसे खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे आगे पहुंचाने में किया जा सकता है। इससे खाताधारक भी जांच के दायरे में आ सकता है और उसकी कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

Next Story