राजस्थान

शादी के दिन मैरिज गार्डन पर चला बुलडोजर, परिवार की आंखों में आए आंसू

Admindelhi1
19 Nov 2026 12:17 PM IST
शादी के दिन मैरिज गार्डन पर चला बुलडोजर, परिवार की आंखों में आए आंसू
x
जयपुर में सड़क चौड़ीकरण पर बवाल, मकान टूटते देख रो पड़ीं महिलाएं

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने बुधवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। दूसरे चरण में गुर्जर की थड़ी से सोडाला तिराहे की ओर मेट्रो पिलर संख्या 84 से 105-107 के बीच करीब 800 मीटर क्षेत्र में सड़क सीमा के भीतर बने मकानों, दुकानों और व्यावसायिक भवनों के अवैध हिस्सों को हटाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, कार्रवाई के दायरे में 80 से अधिक संपत्तियां आईं।

सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई कार्रवाई लगभग आठ घंटे तक चली। जेडीए की चार प्रवर्तन टीमों ने दो जेसीबी मशीनों की सहायता से रैंप, सीढ़ियां, रेलिंग, टिनशेड, बाउंड्रीवॉल और भवनों के आगे के हिस्सों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने विरोध किया। कुछ जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पास होटल लजीज के सामने सड़क सीमा में आ रहे हिस्से को तोड़ा गया। वहीं कलकत्ता मैरिज गार्डन की दीवार, प्रवेश द्वार और सजावट हटाने से शादी वाले परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा।

लड़की की मां चंद्ररेखा ने बताया कि मैरिज गार्डन की बुकिंग के समय उन्हें अतिक्रमण संबंधी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई थी। लड़की के पिता अमर सिंह ने कहा कि उन्होंने शादी समारोह को देखते हुए जेडीए अधिकारियों से शाम तक प्रवेश द्वार नहीं तोड़ने का अनुरोध किया था, लेकिन बाद में उसे भी हटा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान कई मकान मालिक और दुकानदार भावुक नजर आए। मंजू कुमावत ने जीवनभर की बचत से बनाए गए मकान को नुकसान पहुंचने की बात कहते हुए मुआवजे की मांग की। वहीं ममता कुमावत सहित अन्य लोगों ने दावा किया कि वे अपने स्तर पर निर्माण हटाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पर्याप्त समय नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने कार्रवाई में समानता नहीं बरतने के आरोप भी लगाए। कुछ व्यापारियों का कहना था कि कुछ भवनों के हिस्से छोड़ दिए गए, जबकि अन्य निर्माणों को तोड़ दिया गया।

न्यू सांगानेर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष विक्रम चाहर ने सर्वे की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। वहीं अन्य व्यापारियों ने आरोप लगाया कि उनकी आपत्तियों को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया।

जेडीए के अतिरिक्त मुख्य नियंत्रक इस्लाम खान ने बताया कि सड़क की 100 फीट सीमा में करीब 70 से 80 अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे। इनमें लगभग 25 से 30 लोगों ने अपने स्तर पर निर्माण हटा लिए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किए गए थे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

यह अभियान राजस्थान हाईकोर्ट के छह अगस्त 2026 के आदेश की पालना से जुड़ा है। सड़क चौड़ीकरण के लिए जेडीए ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए थे।

मास्टर प्लान के अनुसार गुर्जर की थड़ी से सोडाला तिराहे तक करीब 2.4 किलोमीटर लंबी न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है। जेडीए के मुताबिक अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई घटकर 40 से 60 फीट रह गई है।

इससे पहले पांच अक्टूबर को अभियान के पहले चरण में गुर्जर की थड़ी से विवेक विहार तक लगभग 700 मीटर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए गए थे। पूरे मार्ग पर करीब 260 अवैध निर्माण हटाए जाने हैं।

Next Story