हरियाणा पुलिस के आधुनिकीकरण पर खर्च होंगे 62.40 करोड़ रुपये

चंडीगढ़: बदलते दौर में अपराध के नए स्वरूपों से निपटने के लिए हरियाणा पुलिस अपनी तकनीकी क्षमताओं का विस्तार करने जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हाई लेवल परचेज कमेटी की बैठक में पुलिस के आधुनिकीकरण से जुड़े 62.40 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। अगले तीन महीने में आधुनिक साइबर उपकरण, सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर खरीदे जाएंगे।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी दो वर्षों की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में जांच अधिकारियों, थाना प्रभारियों, साइबर सेल प्रभारियों और तकनीकी कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने बताया कि हरियाणा पुलिस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टास्क फोर्स का गठन किया जा चुका है। इसके तहत अपराध नियंत्रण, अपराधियों की पहचान और आंकड़ों के विश्लेषण में एआई का उपयोग किया जाएगा। डार्क वेब से संबंधित मामलों की जांच के लिए विशेष टीम तैयार करने के साथ पुलिसकर्मियों को साइबर कमांडो के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
बैठक में सीआईडी, साइबर क्राइम और स्पेशल टास्क फोर्स को सोशल मीडिया पर असामाजिक गतिविधियों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। इसका उद्देश्य सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशों को समय रहते रोकना है।
प्रदेश में सक्रिय अपराधियों से संबंधित सूचनाओं को एकीकृत कर केंद्रीकृत डेटाबेस तैयार किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी स्टेट क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।
अपराध नियंत्रण के लिए विकसित इंटेलिजेंस मॉडल को रोहतक, झज्जर, सोनीपत और फरीदाबाद के बाद प्रदेश के लगभग सभी जिलों में लागू किया जा चुका है।
इसके अलावा साइबर अपराध प्रभावित क्षेत्रों की पहचान और एटीएम की सुरक्षा के लिए तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए अलर्ट सिस्टम विकसित किया गया है। डीजीपी ने शेष बैंकों और कंपनियों के एटीएम को भी इस प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।





