राजस्थान

भाजपा सरकार को 4 निर्दलीय विधायकों ने दिया समर्थन

Admindelhi1
25 March 2024 9:15 AM GMT
भाजपा सरकार को 4 निर्दलीय विधायकों ने दिया समर्थन
x
गुलाल उड़ाकर भव्य स्वागत किया

जयपुर: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा ने विजय संकल्प दिवस के रूप में मनाया। प्रदेश मुख्यालय पर जोशी के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी, पुष्पवर्षा, गुलाल उड़ाकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर चन्द्रभान सिंह आक्या सहित चार निर्दलीय विधायकों ने बीजेपी सरकार को समर्थन दिया। जोशी ने पूर्व सांसद गोपाल सिंह ईडवा सहित करीब 250 नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाते हुए 17 नेताओं की सदस्यता को बहाल की। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा से टिकट कटने के बाद चंद्रभान सिंह आक्या बागी हो गए थे। इसके बाद चंद्रभान सिंह आक्या ने चित्तौड़गढ़ से निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत गए थे। इसके साथ ही आठ दिन पहले शिवसेना को समर्थन देने वाली बयाना से निर्दलीय विधायक रितु बनावत, सांचौर से जीवाराम चौधरी, हनुमानगढ़ से गणेशराज ने बीजेपी सरकार को समर्थन दिया।

ये हुए शामिल

प्रदेशाध्यक्ष ने 250 नेताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई। इस दौरान ज्वाइंनिंग कमेटी के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, लोकसभा चुनाव चुनाव सह प्रभारी विजया राहटकर की उपस्थिति में गोपाल सिंह ईडवा पूर्व सांसद, कांग्रेस प्रवक्ता सम्पत सिंह धमोरा, पूर्व विधायक जालम सिंह रावलोत, अलवर रामगढ के विधानसभा प्रत्याशी सुखवंत सिंह, विजय मीणा, एसटी मोर्चा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष जितेंद्र मीणा, कांग्रेस से भुसावर नगर पालिका चेयरमैन सुनीता देवी जाटव, जैतारण पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंह चारण, आम आदमी पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष संजय बियानी सहित बड़ी संख्या में विभिन्न दलों के नेताओं ने भाजपा का दामन थामा।

इस दौरान चित्तौडगढ़ से पूर्व भाजपा पदाधिकारियों को बहाल कर पुन: पार्टी की सदस्यता दिलवाई गई। इसमें पूर्व विधायक बद्री लाल जाट, पूर्व यूआईटी चेयरमैन सुरेश झंवर, पूर्व नगर परिषद चेयरमैन सुशील शर्मा, पूर्व प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़ सहित 17 नेताओं की सदस्यता बहाल की गई। इस दौरान कांग्रेस जयपुर महासचिव श्याम सतलानी, कांग्रेस जयपुर उपाध्यक्ष कमल कुमार जेठानी, महेन्द्र बैरवा रिटायर्ड चीफ इंजीनियर ने भी सदस्यता ग्रहण की। गोपाल सिंह ने मेरे सामने 2019 में चित्तौड़गढ़ से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। आज इन्होंने बिना शर्त बीजेपी ज्वॉइन की है। इनके साथ बागी होकर चुनाव लड़ने वाले सभी विधायक और कार्यकर्ताओं का स्वागत करता हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि हम सब मिलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाएंगे। राजस्थान में 25 सीटों पर जीत होगी। साथ ही देश में बीजेपी की 400 से ज्यादा सीट आएंगी।

- सीपी जोशी, प्रदेशाध्यक्ष बीजेपी

देश में नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रवाद की विचारधारा को आगे बढ़ाया है। इससे पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन हुआ है। राममंदिर जैसे तमाम मुद्दों के बारे में सोचकर सभी एक जाजम पर आने का काम कर रहे है। इसी में मैं भी भाजपा में शामिल हुआ हूं ताकि नरेन्द्र मोदी के विकास के विजन को आगे बढ़ता देख सकूं।

- गोपाल सिंह, पूर्व सांसद

हम पहले भी भाजपा की विचारधारा पर काम कर रहे थे, आगे भी इसी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। लोकसभा चुनाव में न सिर्फ चित्तौड़गढ़ बल्कि राजस्थान की 25 सीटों पर ऐतिहासिक जीत भाजपा को मिलेगी।

- चन्द्रभान सिंह आक्या, विधायक

Next Story