राजस्थान

पिकअप और कार की भीषण टक्कर में 4 भाइयों की मौत

Admin4
21 Aug 2023 11:54 AM GMT
पिकअप और कार की भीषण टक्कर में 4 भाइयों की मौत
x
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ में कार और पिकअप में भीषण टक्कर हो गई। हादसे में घूमने निकले पांच दोस्तों में से चार की मौत हो गई। सभी हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे। हादसा शनिवार रात 11 बजे गोगामेड़ी थाना क्षेत्र के गांव परलीका के पास हुआ। जानकारी के अनुसार कार सवार पांच दोस्त हरियाणा के हिसार से लोक देवता गोगाजी को धोक लगाने गोगामेड़ी आए थे। धोक लगाने के बाद घूमने के लिए निकले थे। इस दौरान नोहर-भादरा मार्ग पर नोहर की तरफ आते समय उनकी ऑल्टो कार और पिकअप में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार अनिल (30) पुत्र केवलराम, सुरेंद्र (32) पुत्र सुरजीत, कृष्ण (21) पुत्र महेंद्र और राजेश (24) पुत्र लालचंद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सचिन (26) पुत्र कृष्ण घायल हो गया। चारों मृतक चाचा-ताऊ के लड़के थे।
हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। माना जा रहा है कि कार की स्पीड बहुत ज्यादा थी। गोगामेड़ी थाने के ASI रणवीर सिंह ने बताया कि पिकअप नोहर से गोगामेड़ी जा रही थी। जबकि कार गोगामेड़ी से नोहर आ रही थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे तो कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। चार युवक बिल्कुल डेड कंडीशन में थे। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से नोहर राजकीय चिकित्सालय भेजा गया। डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, सीट के बीच फंसे हुए युवक सचिन को निकालकर निजी व्हीकल से नोहर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
गोगामेड़ी थानाधिकारी राधेश्याम थालोड ने बताया कि शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। वहीं मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। जानकारी के अनुसार अनिल के अलावा तीनों मृतक अविवाहित थे। अनिल फोटोग्राफी का कार्य करता था। सुरेंद्र प्राइवेट जॉब करता था। पांचों दोस्तों ने एक साथ पढ़ाई की थी। घायल ने बताया- दोस्तों ने कहा था सरप्राइज है घायल सचिन ने बताया कि शनिवार शाम को चारों ने साथ चलने के लिए कहा था। पूछने पर बोले कि सरप्राइज है। पहुंचने के बाद ही बताएंगे कि कहां चल रहे हैं। गोगामेड़ी मंदिर में दर्शन करने के बाद खाने की तलाश में निकले थे।
Next Story