
x
बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर जिले की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दुष्कर्म के आरोप में 11 महीने से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी तांत्रिक बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने उसके ठिकानों पर कई बार दबिश दी। लेकिन हर बार वो पुलिस की आंखों में धूल झोंकने में कामयाब रहा। इस दौरान पुलिस ने तांत्रिक पर 25 हजार का इनाम घोषित किया और आखिरकार 11 महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, जनवरी 2022 में बाड़मेर के ग्रामीण थाना क्षेत्र निवासी एक पीड़िता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि उसके घर पर एक लाल बाबा नाम का तांत्रिक व्यक्ति आता था। पीड़िता को नशे की गोलियां देकर बेहोश कर आरोपी बाबा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के गर्भवती होने के कारण मेरा गर्भपात भी कराया गया। बाड़मेर पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद आरोपी बाबा फरार हो गया था।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कई अलग-अलग टीमें गठित की गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और झारखंड राज्यों के अलग-अलग हिस्सों में बाबा की तलाश की, लेकिन बाबा पुलिस के हाथ नहीं लगा। इस दरमियान 11 महीने तक बाबा अपने अलग-अलग नाम बदलता रहा और वेश बदलकर घूमता रहा।बाड़मेर एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि दुष्कर्मी बाबा को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम ने अथक प्रयास किए। 11 महीने बाद बाड़मेर पुलिस ने तकनीकी सहयोग एवं सूचना के आधार पर लाल बाबा को गुजरात के जूनागढ़ में केशोद मां काली मंदिर से गिरफ्तार किया। सेडवा थाना अधिकारी हंसाराम, डीसीआरबी प्रभारी महिपालसिंह हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल मोहनलाल ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी तांत्रिक लाल बाबा उर्फ देवनारायण उर्फ देवदास पुत्र शंकरराम गुरू किशोरदास निवासी डागी वाडा पोस्ट डाल तहसील सलूंबर जिला उदयपुर का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गुजरात के जूनागढ़ के पास अखोदर मां काली माता मंदिर में पहले रहने वाला साधु वहां से निकल गया था। बीते कुछ माह से तांत्रिक लाल बाबा वहीं पर रहा था। वहां पर पूजा पाठ करने के साथ नाड़ी देखता था और लोगों को दवाईयां भी देता था।
Next Story





