राजस्थान

डीओआईटी के बेसमेंट में मिले 2.31 करोड़ कैश, नोटों से भरे थे सूटकेस और बैग

Admin Delhi 1
20 May 2023 6:21 AM GMT
डीओआईटी के बेसमेंट में मिले 2.31 करोड़ कैश, नोटों से भरे थे सूटकेस और बैग
x

जयपुर: जयपुर पुलिस ने शुक्रवार देर शाम योजना भवन में स्थित सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के बेसमेंट से दो करोड़ 31 लाख 49 हजार 500 रुपए और एक किलो सोने के बिस्किट बरामद किए हैं। यहां कार्यरत 8 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। इस राशि का खुलासा करने के लिए पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने विशेष दल का गठन किया है। मुख्य सचिव उषा शर्मा, पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, अपराध दिनेश एमएन और जयपुर पुलिस कमिश्नर आनन्द श्रीवास्तव ने बताया कि जिन दो अलमारियों में इतनी बड़ी राशि मिली है। वो यूआईडी के अधीन है, जो आधार कार्ड बनाने का काम देखती है। इन दिनों इस विभाग में दस्तावेजों का कम्प्यूटराइज्ड काम चल रहा है। इसके लिए अलमारियों में रखी फाइलों को स्केन किया जा रहा है। इन दो अलमारियों को गुरुवार को खोलने की कोशिश की गई थी, लेकिन चाबियां नहीं मिलने के कारण नहीं खुल पाई। शुक्रवार को दोपहर बाद तकनीशियन को बुलाया गया था। जब इन दोनों अलमारियों को खोला गया तो एक में एक बड़ा बैग और एक सूटकेस मिला। दूसरी अलमारी में फाइलें रखी हुई थीं। जब सूटकेस और बैग को खोला गया तो उनमें ये करेंसी मिली। वहां के प्रभारी महेश गुप्ता ने अशोक नगर थाने को सूचना दी। अशोक नगर थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने मौके पर पहुंचकर आला अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस ने राशि और सोने के बिस्किट जब्त कर लिए। मुख्य सचिव उषा शर्मा ने बताया कि मामले के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई है।

सीसीटीवी की कर रहे हैं जांच: सूत्रों के अनुसार ये राशि किसी अधिकारी की हो सकती है। जो बेनामी है या रिश्वत के तौर पर ली गई है। उसको एसीबी की कार्रवाई होने की आशंका हो सकती थी। इस वजह से उसने इतनी बड़ी राशि और सोने को इस स्थान को सुरक्षित मानते हुए छुपा दिया। पुलिस सीसीटीवी की भी जांच कर रही है।

Next Story