राजस्थान

चतुर्थ श्रेणी भर्ती में 209 अभ्यर्थियों को विकल्प चयन का मौका

Admindelhi1
2 Oct 2026 10:14 AM IST
चतुर्थ श्रेणी भर्ती में 209 अभ्यर्थियों को विकल्प चयन का मौका
x
चतुर्थ श्रेणी भर्ती प्रक्रिया में 209 अभ्यर्थियों को मिली नई सुविधा

जयपुर: चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संयुक्त सीधी भर्ती-2024 में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड से चयनित गैर-अनुसूचित क्षेत्र के 209 अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इन अभ्यर्थियों को मेडिकल कॉलेजों और संबद्ध अस्पतालों में पदस्थापन के लिए ऑनलाइन चॉइस भरने का अवसर दिया है। अभ्यर्थी 8 अक्टूबर 2026 तक राजहेल्थ पोर्टल पर अपनी पसंद के संस्थानों का विकल्प दर्ज कर सकेंगे।

आयुक्त (चिकित्सा शिक्षा) बाबूलाल गोयल ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को अजमेर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर, जयपुर और जोधपुर के मेडिकल कॉलेजों एवं उनसे संबद्ध अस्पतालों में उपलब्ध चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और वार्ड बॉय के रिक्त पदों पर पदस्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संस्थान का आवंटन अभ्यर्थियों की मेरिट, आरक्षण व्यवस्था और उनके द्वारा भरे गए विकल्पों के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को राजहेल्थ पोर्टल पर लॉग-इन कर अपनी पसंद के संस्थानों के विकल्प भरने होंगे।

विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपनी पसंद के जितने अधिक विकल्प संभव हों, उन्हें प्राथमिकता के क्रम में भरें, ताकि पदस्थापन की प्रक्रिया में उनके विकल्पों पर विचार किया जा सके।

ऑनलाइन चॉइस भरने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और अभ्यर्थी अपने विकल्प दर्ज नहीं कर सकेंगे। विभाग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते ऑनलाइन चॉइस भरने की अपील की है।

Next Story