राजस्थान

हिंगोनिया गौशाला में 2,000 श्रद्धालुओं ने की गौ माता की पूजा

Admindelhi1
17 Nov 2026 2:47 PM IST
हिंगोनिया गौशाला में 2,000 श्रद्धालुओं ने की गौ माता की पूजा
x
गौ सेवा और भक्ति के संग मनाया गया गोपाष्टमी का पर्व

जयपुर: गोपाष्टमी के पावन अवसर पर जयपुर स्थित हिंगोनिया गौ पुनर्वास केंद्र में मंगलवार को धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच महोत्सव आयोजित किया गया। श्री कृष्ण बलराम सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 2,000 श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। दिनभर यज्ञ, कीर्तन, गौ पूजन और गौ सेवा से जुड़े आयोजन हुए।

महोत्सव की शुरुआत सुबह नौ बजे 51 कुंडीय यज्ञ से हुई। इस दौरान गौ माता के 108 नामों का आह्वान किया गया। यज्ञ में शामिल श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की। इसके बाद कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान का स्मरण किया।

कार्यक्रम में गौ माता के पूजन और आरती के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा करने के बाद 108 गौ माताओं की विशेष परिक्रमा की। सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए गौ माताओं के लिए विशेष लड्डू तैयार किए गए और उन्हें भोग लगाया गया। इसके अलावा लोगों को गौ माता को चारा खिलाने तथा गौशाला परिसर का भ्रमण करने का अवसर भी मिला।

श्री कृष्ण बलराम सेवा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रघुपति दास ने बताया कि महोत्सव में लगभग दो हजार श्रद्धालु पहुंचे। गौशाला परिसर में सभी आगंतुकों के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने गौदर्शन और सेवा गतिविधियों में भाग लेने के बाद प्रसादी ग्रहण की।

रघुपति दास के अनुसार, कार्तिक शुक्ल अष्टमी को मनाया जाने वाला गोपाष्टमी पर्व भगवान श्रीकृष्ण की गोचारण लीला से जुड़ा है। वैष्णव मान्यता के मुताबिक, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बड़े भाई श्री बलराम और ग्वालबालों के साथ गायों को चराने की शुरुआत की थी। इसी धार्मिक परंपरा के कारण इस पर्व पर गौ पूजन और गौ सेवा को विशेष महत्व दिया जाता है।

हिंगोनिया केंद्र में आयोजित महोत्सव के जरिए श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गौ सेवा और पूजन की परंपरा में सहभागिता की।

Next Story