राजस्थान

1.12 करोड़ का सोना, एक हफ्ते में दूसरी बड़ी कार्रवाई

Admin4
17 July 2022 6:23 PM IST
1.12 करोड़ का सोना, एक हफ्ते में दूसरी बड़ी कार्रवाई
x

जयपुर. जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक हफ्ते में दूसरी बड़ी सोने की तस्करी पकड़ी है. शनिवार सुबह शारजहा से आने वाली फ्लाइट से कस्टम विभाग ने एक यात्री से 1.12 करोड़ रुपये की तस्करी का सोना पकड़ा. शारजाह सेएयर अरबिया की फ्लाइट संख्या G9435 से आए यात्री से 2 किलो 200 ग्राम सोना जब्त किया. यात्री ट्रॉली बैग के चारों तरफ लगने वाली मैटेलिक प्लेट के अंदर सोने को ठोस तार के रूप में लेकर आ रहा था. एयरपोर्ट पर स्कैनिंग मशीन में सोने के छायाचित्र उभरकर सामने आ रहे थे लेकिन सोने के ठोस तार पर रेडियम की कई पर्ते चढ़ा रखी थीं. पर्तों के कारण जांच एजेंसियों को सोना पकड़ने में कठिनाई आ रही थी.

अधिकारियों ने यात्री को गिरफ्तार कर कस्टम अधिनियम 1962 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों ने आरोपी यात्री के सूटकेस में लगी प्लेट्स को हटाया तो उसके नीचे कठोर सोने का तार निकला. जांच में ये ठोस तार 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोने का निकला.

कस्टम सहायक आयुक्त भारत भूषण अटल के नेतृत्व में अधिकारियों ने आरोपी यात्री से पूछताछ शुरू कर दी गई है. आरोपी युवक बीकानेर का रहने वाला है. वह सऊदी अरब के रियाद में मजदूरी करता है. पिछले साल सितंबर में रियाद गया था. रियाद में आरोपी के परिचित ने उसे ट्रॉली बैग दिया था. बदले में उसने एयर टिकट करवाया था.

गौरतलब है कि चार दिन पहले ही जयपुर एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने तीन विदेशी महिलाओं से 90 लाख रुपये की तस्करी का सोना पकड़ा था. थाई की रहने वाली तीनों महिलाओं को कस्टम विभाग ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां तीनों को अदालत ने जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया.

Next Story