पंचायत चुनाव में 1.05 करोड़ मतदाता तय करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत

जयपुर: राजस्थान में पंचायतराज चुनाव के चौथे चरण में शनिवार को 25 जिलों की जिला परिषद और 116 पंचायत समितियों के लिए मतदान होगा। इस चरण में जिला परिषद के 382 वार्डों में 1322 प्रत्याशी तथा पंचायत समितियों के 2142 वार्डों में 7521 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कुल 1 करोड़ 5 लाख 94 हजार 285 मतदाता इनके भाग्य का फैसला करेंगे।
चौथे चरण के मतदान के लिए 11,905 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 54 लाख 88 हजार 275 पुरुष और 51 लाख 05 हजार 951 महिला मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
चौथे चरण के चुनाव में राजनीतिक दलों के कई बड़े नेताओं के बेटे, बेटियां, बहू और अन्य रिश्तेदार भी चुनावी मैदान में हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह और उनकी बहू भी चूरू से जिला परिषद का चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में कई सीटों पर राजनीतिक दलों के साथ ही दिग्गज नेताओं के परिवार की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।
चौथे चरण में श्रीगंगानगर जिला उम्मीदवारों की संख्या के लिहाज से सबसे आगे है। यहां जिला परिषद के सबसे अधिक 30 वार्डों में चुनाव हो रहा है, जिनमें 101 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में भी श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा 553 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिले में पंचायत समिति के 164 वार्डों में मतदान होगा।
चौथे चरण के मतदान के साथ ही जिला परिषद और पंचायत समितियों के कई वार्डों में चुनावी मुकाबले का फैसला मतपेटियों में बंद हो जाएगा। अब शनिवार को मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर प्रत्याशियों की जीत-हार तय करेंगे।





