राज्य

Raebareli: दिव्यांग को व्हीलचेयर न मिलने पर हुई कार्रवाई, कर्मचारी निलंबित

Admindelhi1
7 March 2025 12:22 PM IST
Raebareli: दिव्यांग को व्हीलचेयर न मिलने पर हुई कार्रवाई, कर्मचारी निलंबित
x
डॉक्टर को सीएचसी भेजा

रायबरेली: दिव्यांग पति को पीठ पर लादकर सीएमओ कार्यालय पहुंची महिला का वीडियो वायरल होने के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मामले में एक डॉक्टर समेत दो कर्मचारियों पर गाज गिरी है।

घटना तब हुई जब एक महिला अपने दिव्यांग पति का प्रमाण पत्र बनवाने सीएमओ कार्यालय पहुंची, लेकिन वहां व्हीलचेयर न मिलने पर उसने अपने पति को पीठ पर उठा लिया और दिव्यांग बोर्ड के समक्ष पेश हुई। यह मार्मिक दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद उप मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए।

सीएमओ डॉ. नवीन चंद्रा द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट में लापरवाही उजागर हुई। जांच के आधार पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी व जिला दिव्यांग बोर्ड के नोडल अधिकारी डॉ. अंबिका प्रकाश को सीएमओ कार्यालय से हटाकर जतुआटप्पा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात किया गया है। वहीं, डाटा एंट्री ऑपरेटर अनुकांत आनंद को यूडीआईडी कार्य से हटा दिया गया है।

इसके अलावा, जांच कमेटी की सिफारिश पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अनिल कुमार को निलंबित कर बेलाभेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संबद्ध किया गया है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने निर्देश दिए हैं कि दिव्यांग बोर्ड में सभी आवश्यक संसाधन सुनिश्चित किए जाएं ताकि भविष्य में दिव्यांगजनों को ऐसी असुविधा न हो। उन्होंने साफ कहा कि लापरवाह डॉक्टरों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Story