पंजाब

सिख राजनीति को मजबूत करने के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत: ज्ञानी हरप्रीत सिंह

SHIDDHANT
7 Oct 2025 9:07 PM IST
सिख राजनीति को मजबूत करने के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत: ज्ञानी हरप्रीत सिंह
x
Amritsar अमृतसर। शिरोमणि अकाली दल पुनर-सुरजीत पार्टी के प्रधान ज्ञानी हरप्रीत सिंह मंगलवार को अमृतसर स्थित गुरुद्वारा बुर्ज अकाली फूला सिंह में संगत से मिलने पहुंचे।इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सिख राजनीति को मजबूत करने के लिए अब युवाओं और बुद्धिजीवियों को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि एक “गुप्त साजिश” के तहत सिख युवाओं को राजनीति से दूर किया गया है, लेकिन अब समय आ गया है कि यह वर्ग फिर से सियासत में सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने सभी सिख संगतों को धन श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व की बधाई दी और बताया कि पार्टी की वर्किंग कमेटी के 56 सदस्य श्री हरमंदिर साहिब में हाजिरी भरने और अरदास करने पहुंचे थे। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि पार्टी का विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है, जिसमें आने वाले समय में अकाली दल का पूरा राजनीतिक और सामाजिक एजेंडा स्पष्ट किया जाएगा। उन्होंने पंजाब की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि अप्रैल से अगस्त 2025 तक पंजाब सरकार ने 13,326 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है, जिससे कुल कर्ज अब लगभग 3.75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह कैसी राजनीति है, जो पंजाब की आने वाली पीढ़ियों को कर्ज में धकेल रही है।
बेअदबी मामलों और मौड़ बम धमाके के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर उन्होंने मौजूदा सरकारों की नाकामी पर सवाल उठाए। ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि जिन नेताओं ने 24 घंटे में दोषियों को पकड़ने का वादा किया था, वे आज भी चुप हैं। उन्होंने बताया कि सिख स्टूडेंट फेडरेशन को फिर से मजबूत किया जाएगा, क्योंकि यही संगठन पहले अकाली राजनीति की रीढ़ रहा है। इसके लिए छह सदस्यीय कमेटी गठित की गई है जो जमीनी स्तर पर रिपोर्ट तैयार करेगी।बाढ़ प्रभावित इलाकों की सहायता के लिए उन्होंने 1 लाख लीटर डीजल देने का ऐलान किया है और गुरुद्वारों के ग्रंथी सिंहों को 5000 रुपये प्रति माह छह महीने तक सहायता देने की बात कही। अंत में ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि अकाल पुरख के आशीर्वाद से शिरोमणि अकाली दल पुनर-सुरजीत पंजाब की राजनीति में नई सोच और नई शुरुआत लेकर आएगा।
Next Story