पंजाब

ड्रोन से आया पीला पैकेट, 674 ग्राम हेरोइन मिली

Saba Naaz
11 July 2026 10:22 PM IST
ड्रोन से आया पीला पैकेट, 674 ग्राम हेरोइन मिली
x

पंजाब: तरनतारन जिले में सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीली सामग्री और हथियार पहुंचाने की कोशिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। खालड़ा सेक्टर में बीएसएफ ने ड्रोन से गिराए गए एक पीले रंग के संदिग्ध पैकेट को बरामद किया, जिसमें 674 ग्राम हेरोइन मिली। इसके अलावा बीएसएफ की 142 बटालियन ने ड्रोन से गिराए गए 31 कारतूस भी जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, खालड़ा सेक्टर के गांव वां तारा सिंह निवासी किसान बोहड़ सिंह के खेत में ड्रोन के माध्यम से एक पीले रंग का पैकेट गिराया गया था। पैकेट पर तांबे की कुंडी लगी हुई थी, जिससे सुरक्षा बलों को संदेह हुआ। मामले की सूचना मिलने के बाद बीएसएफ जवानों ने क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया।

बीएसएफ के कंपनी कमांडेंट सुरेश वीएम ने बताया कि घटना वाली रात जवानों को ड्रोन की आवाज सुनाई दी थी। सतर्क जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्रोन की दिशा में फायरिंग की। गोलीबारी के बाद ड्रोन दिखाई देना बंद हो गया। आशंका जताई जा रही है कि ड्रोन सीमा पार से नशीली सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से भेजा गया था।

सुबह बीएसएफ की टीम ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान खेत से पीले रंग का संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ। जांच करने पर उसमें हेरोइन मिली। बरामद हेरोइन का वजन करीब 674 ग्राम बताया गया है।

इसके अलावा बीएसएफ की 142 बटालियन ने भी ड्रोन के जरिए गिराए गए 31 कारतूस बरामद किए हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं और ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

हेरोइन बरामदगी के बाद बीएसएफ ने खालड़ा पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लिया। सब इंस्पेक्टर अरविंद कंबोज ने मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ड्रोन कहां से आया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। इसके लिए आसपास के इलाकों में भी जांच की जा रही है। साथ ही सीमा पार से चल रही तस्करी की गतिविधियों से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थ और हथियार पहुंचाने की कोशिशें पहले भी सामने आती रही हैं। सुरक्षा बल लगातार निगरानी बढ़ाकर ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने में जुटे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों की सतर्कता के कारण कई बार तस्करों की योजनाओं को विफल किया गया है। इस मामले में भी समय रहते कार्रवाई होने से नशीली खेप को आगे पहुंचने से रोक दिया गया।

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Next Story