पंजाब

क्या भाजपा में शामिल पूर्व कांग्रेसी मंत्रियों पर कार्रवाई कर पाएगी मान सरकार?

Shantanu Roy
15 Jun 2022 3:29 PM GMT
क्या भाजपा में शामिल पूर्व कांग्रेसी मंत्रियों पर कार्रवाई कर पाएगी मान सरकार?
x
बड़ी खबर

लुधियाना। पंजाब की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी की सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त करने को लेकर चलाए जा रहे अभियान के बीच सबसे पहले अपने स्वास्थ्य मंत्री डा. विजय सिंगला पर कार्रवाई कर वाहवाही हासिल की है। वहीं, अब सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे पूर्व कांग्रेसी मंत्री धर्मसोत पर कार्रवाई की गई जिन्हें विजिलेंस ने जंगलात विभाग में हुई धांधली के मामले में गिरफ्तार किया था। अब सरकार पूर्व कांग्रेसी मंत्री आशु पर घोटाले संबंधी लगाए जा रहे कथित आरोपों को लेकर कार्रवाई करने जा रही है जिसमें पूर्व मंत्री आशु गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले ही हाईकोर्ट की शरण में जा पहुंचे, जहां उन्होंने याचिका दायर कर कार्रवाई से पहले 7 दिन का नोटिस देने की मांग की। इसी तरह पंजाब कांग्रेस के प्रधान व पूर्व ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरेन्द्र राजा वड़िंग को लेकर भी सरकार द्वारा कार्रवाई करने की खबरों का बाजार गर्म है।

कांग्रेस के पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा, बलबीर सिंह सिद्धू व गुरप्रीत कांगड़ भी देश के गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए हैं। उन पर भी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं। अरोड़ा पर मोहाली में इंडस्ट्रियल प्लाट में धांधली करने का आरोप लगाकर विपक्ष ने उनके इस्तीफे की मांग की थी। वहीं, गांव बलोंगी में शामलाट जमीन को लेकर बलबीर सिद्धू भी उस समय आम आदमी पार्टी के निशाने पर थे। इसी तरह कांग्रेस कार्यकाल के दौरान रैवेन्यू मंत्री गुरप्रीत कांगड़ पर भी स्टाम्प घोटाले का आरोप लगाकर बीर दविन्द्र सिंह ने मोर्चा खोला था। अब देखना होगा कि क्या भगवंत मान सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करने वाले इन तीनों मंत्रियों पर कार्रवाई कर सकेगी। क्योंकि चर्चा है कि इन पूर्व मंत्रियों ने भाजपा का दामन इसलिए थामा है ताकि वे किसी भी तरह की कार्रवाई से बच सकें।
Next Story