पंजाब

पठानकोट में विजिलेंस का शिकंजा, रिश्वत लेते एसएचओ गिरफ्तार

Admindelhi1
20 Oct 2026 4:13 PM IST
पठानकोट में विजिलेंस का शिकंजा, रिश्वत लेते एसएचओ गिरफ्तार
x
पठानकोट में भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, एसएचओ रिश्वत लेते पकड़ा गया

चंडीगढ़: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पठानकोट के थाना धार कलां में स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) के पद पर तैनात इंस्पेक्टर गुलशन कुमार को एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि अमृतसर के एक सेवानिवृत्त एलआईसी मैनेजर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला पठानकोट के गांव ढांगू सारा में स्थित उसके छोटे भाई के रेस्तरां ‘मधुबन’ में झगड़ा हुआ था। इस घटना में दोनों पक्षों के लोगों को मामूली चोटें आई थीं। इस संबंध में रेस्तरां के कर्मचारी कृष्णा और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ थाना धार कलां में एफआईआर दर्ज की गई थी। इस मामले में शिकायतकर्ता का नाम भी एक संदिग्ध व्यक्ति के रूप में दर्ज किया गया था।

आरोप है कि थाना धार कलां के एसएचओ इंस्पेक्टर गुलशन कुमार ने शिकायतकर्ता का नाम मामले से हटाने के बदले पांच लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। इसके बाद 2.5 लाख रुपये किश्तों में अदा करने पर सहमति बनी, जिसमें से एक लाख रुपये पहली किश्त के रूप में दिए जाने थे।शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग से संबंधित बातचीत भी रिकॉर्ड कर ली थी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज से संपर्क किया। इस पर विजिलेंस ब्यूरो की पठानकोट टीम ने दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में इंस्पेक्टर गुलशन कुमार को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई है।

Next Story